हरियाणा के मेवात में 25 साल के जिम ट्रेनर की हत्या, परिवार के लोगों ने लगाया मॉब लिंचिंग का आरोप
गुरुग्राम, मई 18। हरियाणा के मेवात इलाके से कथित तौर पर मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, मेवात के रोजका मेव थाना क्षेत्र में 25 साल के आसिफ खान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में आसिफ के दो चचेरे भाई को भी बुरी तरह से घायल कर दिया गया। बताया जा रहा है कि जिस वक्त आसिफ के साथ ये घटना हुई, उस वक्त वो दवा खरीदने के लिए सोहना जा रहे थे। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं आसिफ के परिवार समेत ग्रामीणों ने इंसाफ के लिए विरोध प्रदर्शन करने शुरू कर दिए हैं। इलाके में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया है।

2 एसयूवी गाड़ियों में भरकर आए लोगों ने लाठी-डंडों से पीटा
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, 16 मई की रात जिम ट्रेनर आसिफ अपने दो चचेरे भाईयों के साथ नूंह से सोहना दवाई लेने के लिए जा रहा था। तीनों बाइक पर दवाई लेकर वापस घर लौट रहे थे कि तभी रात 9 बजे के करीब रास्ते में दो एसयूवी गाड़ियों में आए लोगों ने आसिफ और उसके भाईयों को घेर लिया। बाइक को टक्कर मारकर तीनों को जमीन पर गिरा दिया और उसके बाद लाठी-डंडों से तीनों पर हमला कर दिया। आसिफ की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
गांववालों ने पुलिस पर किया पथराव
आसिफ के परिवार का कहना है कि ये मॉब लिंचिंग की घटना है। उनके बेटे को गोली भी मारी गई है। इस घटना के बाद इलाके में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया है। लोगों ने इंसाफ की मांग को लेकर सड़क को जाम किया। फिर पुलिस ने जब लोगों को हटाने की कोशिश की तो लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
पुलिस ने की आरोपियों की पहचान
पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की पहचान का भी दावा किया है। पुलिस ने बताया है कि इस घटना को जिन लोगों ने अंजाम दिया है, उनके नाम हैं आडवाणी, कालू, ऋषि, कुलदीप, संदीप, महेंदर शामिल थे। इसके अलावा कुछ आरोपी आटा बरौंधा और खेड़ा खलीलपुर के थे।












Click it and Unblock the Notifications