खट्टर सरकार ने कहा- वैक्सीन की दोनों खुराक लिए बिना लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर एंट्री नहीं मिलेगी
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार की ओर से सभी के लिए स्पष्ठ रूप से कहा जा रहा है कि लोग कोरोना-महामारी से बचने के लिए पूरी तरह वैक्सीनेट रहें। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि आगामी 1 जनवरी, 2022 से हरियाणा राज्य में भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे- रेस्टोरेंट्स, मॉल, बैंक, कार्यालय आदि जगहों में कोरोनावैक्सीन की दूसरी डोज ना लगवाने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने विधानसभा में कहा कि, हरियाणा में अब तक कोरोनावायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का कोई मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि, यहां जो मरीज मिले, वह अन्य प्रदेश से संबंधित हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, हमारी सरकार ओमिक्रॉन वैरिएंट के प्रकोप का सामना करने के लिए और साथ ही कोरोना के मामलों की संख्या में उछाल से निपटने के लिए तैयार है।

वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, राज्य में 19 दिसंबर तक 3,11,86,292 वैक्सीन की खुराक लोगों को दे दी गईं। उन्होंने कहा कि, यहां हर रोज हजारों लोगों को वैक्सीन की खुराक देना जारी है। यहां स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा कहा जा रहा है कि, आपने अगर वैक्सीन की दोनों खुराक नहीं ली हैं ताे 31 दिसंबर तक टीका जरूर लगवा लें। पहली जनवरी से दोनों डोज नहीं लेने वाले लोगों को बस-ट्रेनों से लेकर बैंक, मैरिज हाल, होटल-रेस्टोरेंट, सरकारी कार्यालयों, बाजारों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों में प्रवेश नहीं मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बुधवार को खुद इस बारे में जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि, अब तक कोरोना के नए वैरिएंट के छह मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें 3 गुरुग्राम से जुड़े हैं जिन्हें अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जांच के दौरान संक्रमित पाया गया था। उन तीनों को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, हरियाणवी अभी ओमिक्रॉन से बचे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications