प्रेमी के साथ 2 बच्चों को ससुराल छोड़ने आई महिला को खंभे से बांधकर किया प्रताड़ित, वीडियो वायरल
नूंह। नूंह जिले के रानीका गांव में एक प्रेमी जोड़े को खंभे से बांधकर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। इस दौरान वहां खड़े ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

सदर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रानिका गांव में प्रेमी जोड़े को खंभे पर रस्सी से बांधकर प्रताड़ित किया गया था। इस घटना की मोबाइल में वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। बताया कि वायरल हुए वीडियो में महिला पुन्हाना उपमंडल के एक गांव की है जिसकी शादी रानीका गांव में हुई थीं। शादी के बाद महिला के दो बच्चे भी हैं।
उक्त महिला का मुस्तफा नाम के लड़के के साथ प्रेम प्रसंग था जिसके बाद दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली। 2 नवंबर को जब महिला अपने प्रेमी (पति) के साथ दोनों बच्चों को अपने ससुराल रानीका में छोड़ने के लिए आई तो खंभे पर दोनों को रस्सी से बांधकर प्रताड़ित किया। इस घटना की कुछ लोगों ने वीडियो बना ली और मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उजागर हो गया।


Click it and Unblock the Notifications
