Haryana News: सीएम नायब सिंह ने विपक्ष पर कसा तंज, कहा-'कांग्रेस ने देश को तोड़ने का काम किया'
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को जोड़ा नहीं। बल्कि तोड़ा है। देश की जनता के साथ अन्याय करने वाली कांग्रेस को न्याय शब्द प्रयोग करने का हक नहीं है। सीएम सैनी मंगलवार को रोहतक के महम में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।
सीएम सैनी ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों, गरीब मजदूर, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने के बाद इन लोगों को आगे बढ़ाने की दिशा में नीतियों को बनाया और उन्हें लागू किया है। पूर्व की सरकारों में हर साल यूरिया और डीएपी के दामों में वृद्धि होती थी। लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह चीज महंगी हुई। तब भी नरेंद्र मोदी की सरकार ने तय किया कि इन चीजों के दाम नहीं बढ़ाए जाएंगे और किसानों को यूरिया और डीएपी पुराने दामों पर मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के नाम पर किसानों को 3 लाख करोड़ रुपए वितरित किए हैं। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य देने का काम किया है। फसल खराब होने पर किसानों को मुआवजा जल्दी और पूरा देने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस के राज्य में जहां 10 साल में 1100 करोड़ रुपए फसलों की मुआवजे के तौर पर दिए गए। वहीं पिछले साढ़े 9 साल में 12000 करोड़ रुपए किसानों को फसल के मुआवजा के रूप में दिए गए।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अभी आचार संहिता चल रही है और वह ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। लेकिन एक बात बिल्कुल साफ है कि आचार संहिता खत्म होने के बाद प्रदेश के विकास में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और एक-एक योजना को लागू कर अंतिम व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचाने का काम किया जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर देने, आयुष्मान कार्ड गरीबों को मुफ्त अनाज देने, हर घर में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने, 24 घंटे बिजली देने का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में केवल बातें होती थी। काम नहीं होता था और आज बातें कम होती है और काम ज्यादा होता है।
फोरलेन सड़कों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 से पहले हाईवे बहुत कम थे। लेकिन आज पूरा देश हाईवे पर दौड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष गरीब के विकास पर दुखी है। क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा गरीबों को अपना वोट बैंक माना है और उसने कभी उनके हित के लिए काम नहीं किया।
वर्तमान सरकार ने गरीबों को ऊपर उठने के लिए उनके हित में योजनाएं बनाई है। केंद्र सरकार ने गरीबों को 5 लाख रुपए तक का सालाना इलाज आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मुफ्त देने का काम किया तो इस योजना को प्रदेश सरकार ने चिरायु के नाम से आगे बढ़ने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पानीपत में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का नारा दिया था और उसे नारे का असर यह है कि देश की लाखों बेटियों को जीवन दान मिला है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश जब कोविड के प्रभाव में था और लोग मर रहे थे। तब भी प्रधानमंत्री लोगों की चिंता कर रहे थे और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैक्सीन तैयार हुई और पूरे देश में हर नागरिक को फ्री में वैक्सीन लगाने का काम किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस कभी भारत जोड़ो यात्रा निकालते हैं और कभी न्याय यात्रा का आयोजन करती है। लेकिन सच यह है कि भारत को तोड़ने का काम भी कांग्रेस ने किया है और देश के लोगों के साथ अन्याय करने का काम भी कांग्रेस ने किया है। ऐसे में कांग्रेस को यह दोनों ही शब्द प्रयोग करने का कोई अधिकार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications