'आने वाले दिनों में हर आदमी जिसे जुकाम-खांसी या बुखार होगा, उसका कोरोना टेस्ट होगा'
चंडीगढ़. आने वाले दिनों में हर वो शख्स जिसे खांसी-जुकाम या बुखार होगा, हम उसका कोरोना टेस्ट कराएंगे। यह कहना है कि, हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का। विज ने यह बात राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए कही। उन्होंने गुरुवार को कहा कि कोरोना को समाप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रदेश के हर घर में जाकर प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग करेगी और यदि किसी में कोरोना के लक्षण पाए जाते हैं तो उसका सैंपल लेकर टेस्ट कराएंगे।
विज आगे बोले कि, हम ऐसे प्रयासों पर जोर देंगे, जिनसे राज्य से कोविड-19 को पूरी तरह से खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा कि, सरकार ये सुनिश्चित कर रही है कि, आने वाले दिनों में हरियाणा के अंदर जिस भी व्यक्ति को खांसी, जुकाम या बुखार होगा, उसका टेस्ट कराएं। बता दें कि, अनिल विज ने चार विभागों की बैठक ली थी। उनकी गुरुवार को चंडीगढ़ में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, गृह तथा शहरी स्थानीय निकाय विभागों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई थीं।

सरकार ने कई जिले हॉट स्पॉट घोषित किए
कोरोना से निपटने के लिए सूबे की सरकार ने जिला उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों का कंटेनमेंट प्लान तैयार करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों की कमेटियां गठित कर इसे जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए हैं। यहां जिन गांवों, मोहल्लों और क्षेत्रों में कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं, वहां कंटनमेंट जोन घोषित की जा रही है। जबकि उसके आस-पास के गांवों व क्षेत्रों को प्रतिबन्धित क्षेत्र (बफर जोन) घोषित किया जा रहा है। सरकार ने फरीदाबाद के 13 क्षेत्र कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। वहीं, नूंह के 104 गांव बफर जोन घोषित किए हैं। पलवल के 15 गांव सील किए गए हैं और गुरुग्राम के सेक्टर-9 को महामारी केन्द्र घोषित किया गया है। गुरुग्राम के एम्मार पाल्म गार्डन, सैक्टर-83 को महामारी केन्द्र मानते हुए वाटिका, रामपुरा गांव, भांगरोला गांव और कासन गांव की मैपिंग कन्टेनमेंट जोन तथा बफर जोन के रूप में चिह्नित किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications