हरियाणा के सभी गांवों में कोविड केयर सेंटर बनवा रही सरकार, 5 लोगों की टीम घर-घर जांच करने जाएगी
चंडीगढ़। हरियाणा के स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज ने आज कहा कि, कोरोना महामारी से निपटने के लिए सरकार सभी गांव में कोविड केयर सेंटर खुलवाएगी। विज ने कहा, "कोविड केयर सेंटर बनाए जा रहे हैं और 5-5 लोगों की टीम भी तैयार की गई हैं। ये टीम घर-घर जाएंगी और लोगों का चेकअप करेंगी। अगर किसी में कोरोना के लक्षण पाए जाते हैं तो उनका कोरोना टेस्ट किया जाएगा। उसके बाद उपचार मुहैया कराएंगे।"

संक्रमितों की पहचान के लिए टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश
राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। इस बारे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बृहस्पतिवार को प्रदेशभर के उपायुक्तों से जिलों में किए जा रहे प्रबंधों की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की। जहां कोरोना संक्रमण के फैलाव के मद्देनजर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित रखना हमारा दायित्व है और इसके लिए ज्यादा से ज्यादा कोरोना टेस्टिंग पर जोर दिया जाएगा, ताकि संक्रमित की पहचान करते हुए समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।

इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला एवं गृहमंत्री अनिल विज भी उनके साथ उपस्थित रहे।
हर जिले में 20 पुलिस की गाड़ी बतौर एंबुलेंस तैनात
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि, कोरोना संक्रमित मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए हर जिले में परिवहन विभाग की 5 मिनी बसों को एंबुलेंस का रूप दिया गया है। साथ ही हर जिले में 20 पुलिस की गाड़ियों को भी एंबुलेंस के तौर पर तैनात किया गया है। वहीं, विज ने भी कहा कि, प्रशासनिक अधिकारी निजी अस्पतालों का दौरा करके यह सुनिश्चित करें कि सरकार द्वारा तय किये गए रेट से अधिक मरीजों से न वसूलें।

14 हॉटस्पॉट की पहचान हुई: उपायुक्त कै. मनोज कुमार
रोहतक,उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार की ओर से जानकारी दी गई कि,जिला प्रशासन द्वारा जिला में कोरोना संक्रमण के 14 हॉटस्पॉट की पहचान की गई है, जबकि 4 गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस, बीडीपीओ व पटवारियों के माध्यम से लगातार सर्वे करवाकर कोरोना संक्रमितों की पहचान करने के उपरांत उन्हें मौके पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications