बढ़ती ठंड को देखते हुए हरियाणा सरकार ने किसानों को दी राहत, सिंचाई के लिए बिजली सप्लाई में किया बदलाव
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रदेश में बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए सरकार ने रात के समय में अपने खेतों में सिंचाई करने वाले किसान भाइयों को बड़ी राहत देते हुए ट्यूबवेलों के लिए बिजली सप्लाई के शेड्यूल में बदलाव किया है।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा विभाग ने कुल 19 सर्कलों के दो ग्रुप बनाए हैं। इनमें से 7 सर्कल करनाल, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, सोनीपत और जींद में बिजली सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक मिलेगी। बाकी सभी सर्कलों में सुबह 10 बजे से लेकर शाम 6 बजे बिजली मिलेगी।

मुख्यमंत्री एमएल खट्टर ने कहा कि बिजली आपूर्ति का यह शेड्यूल आज से शुरू हो गया है। 31 जनवरी तक जारी रहेगा। 31 जनवरी के बाद इसकी फिर से समीक्षा की जाएगी। यदि आवश्यकता हुई तो इसे आगे भी बढ़ाया जाएगा। इस निर्णय से किसानों की कठिनाई कम होगी और वे दिन के समय में अपने खेतों को सिंचित कर सकेंगे।
सीएम खट्टर ने प्रदेश में बढ़ती ठंड के कारण किसानों द्वारा अपने खेतों में पानी देने में आ रही परेशानी को दूर करते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने ट्यूबवेलों पर दी जाने वाली बिजली सप्लाई के समय में परिवर्तन किया है।
अब किसानों को दिन के समय में 2 शिफ्टों में बिजली मिलेगी। जिससे किसान रात के बजाय अब दिन के समय अपने खेतों में पानी दे सकेंगे। मनोहर लाल ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली आपूर्ति दी जाए।
दरअसल पिछले कुछ दिनों से प्रदेशभर से किसानों द्वारा सरकार को इस परेशानी से अवगत कराया जा रहा था, जिसके बाद आज मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया है। सरकार के इस निर्णय से किसानों को बहुत बड़ा लाभ होगा।












Click it and Unblock the Notifications