'वो हरियाणा की बेटी हैं', CM नायाब सिंह सैनी ने दिए 3 ऑप्शन, विनेश फोगाट चुनेंगी कौन सा सम्मान?
Haryana: हरियाणा सरकार ने पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन करने वाली इंटरनेशनल खिलाड़ी और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट को रजत पदक विजेता के समान इनाम देने का फैसला किया है। हालांकि, सरकार ने यह तय करने का अधिकार विनेश को दिया है कि वे कौन सा इनाम लेना चाहती हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पहले घोषणा की थी कि भले ही विनेश पदक जीतने से चूक गई हों, लेकिन उनका सम्मान किसी विजेता की तरह किया जाएगा। इस मुद्दे पर चर्चा बजट सत्र के दौरान भी हुई, जब विनेश फोगाट ने सरकार से यह वादा पूरा करने की मांग की थी।

अब सरकार ने विनेश के सामने तीन विकल्प रखे हैं, जिनमें से उन्हें एक चुनना होगा। सरकार का कहना है कि यह फैसला कैबिनेट बैठक में लिया गया है और अब यह विनेश पर निर्भर करता है कि वे कौन सा लाभ लेना चाहती हैं।
ये भी पढ़ें: चिंता ना करो चूड़ी पूरी टाइट है, 12 मार्च के बाद और भी टाइट कर देंगे: नायब सिंह सैनी
तीन विकल्पों में से करना होगा चयन
हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत रजत पदक विजेताओं को तीन तरह के लाभ दिए जाते हैं-
- चार करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि
- प्रथम श्रेणी की सरकारी नौकरी
- हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) का प्लॉट
अब विनेश फोगाट को इनमें से एक विकल्प चुनकर सरकार को बताना होगा, ताकि उन्हें तय इनाम दिया जा सके।
बजट सत्र में विनेश फोगाट ने उठाया था मुद्दा
हाल ही में हुए बजट सत्र के दौरान विनेश फोगाट ने सरकार से अपनी घोषणा पूरी करने की मांग की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी को याद दिलाया कि आठ महीने पहले किए गए वादे को अभी तक पूरा नहीं किया गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि विनेश अब विधायक हैं, इसलिए उन्हें यह तय करना होगा कि वे कौन सा लाभ प्राप्त करना चाहती हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया हरियाणा की बेटी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "मैं पहले भी कह चुका हूं कि विनेश फोगाट हरियाणा की बेटी हैं और हम उनके सम्मान में कोई कमी नहीं आने देंगे। कैबिनेट बैठक में इस पर निर्णय लिया गया है और अब यह विनेश को तय करना है कि वे तीनों में से कौन सा लाभ लेना चाहती हैं।"
#WATCH | Chandigarh | Haryana Chief Minister Nayab Singh Saini says, "I have said this earlier also that Vinesh is the daughter of Haryana, and we will not let her honour be diminished. As per the silver medal category, athletes are entitled to three types of benefits: a cash… pic.twitter.com/qLhHjvhI6g
— ANI (@ANI) March 25, 2025
ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के बावजूद पदक से चूकीं
पेरिस ओलंपिक 2024 में 50 किलोग्राम फ्री स्टाइल कुश्ती में विनेश फोगाट पदक जीतने से चूक गई थीं। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने उनके बहादुरी और शानदार खेल की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि "विनेश हमारे लिए चैंपियन हैं और उनका पदक विजेता की तरह सम्मान किया जाएगा।" अब देखना होगा कि विनेश फोगाट सरकार के इन तीन विकल्पों में से कौन सा चुनती हैं।
ये भी पढ़ें: विनेश फोगाट ने जुलाना में महिला कॉलेज की स्थापना की मांग की












Click it and Unblock the Notifications