बीजेपी के बाद अब हरियाणा कांग्रेस में भी शुरू हुई बगावत, टिकट नहीं मिलने पर राजेश जून ने दिया इस्तीफा
Haryana Assembly Elections 2024: हरियणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी थी। लेकिन लिस्ट जारी होने के बाद से बीजेपी और अब कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी कलह शुरू हो गई है और पार्टी को अपने नेताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है।
टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस नेता राजेश जून ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है और बहादुरगढ़ से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने मुझे धोखा दिया है। मुझे टिकट देने का वादा किया गया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया।

इतना ही नहीं, राजेश जून ने बकायदा 11 सितंबर को नामांकन दाखिल करने का एलान किया है। आपको बता दें कि राजेश जून का असंतोष पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान बहादुरगढ़ में हुए विद्रोह की याद दिलाता है, जब उन्होंने और एक अन्य नेता ने राजिंदर सिंह जून की उम्मीदवारी का विरोध किया था।
उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया था, लेकिन भूपिंदर सिंह हुड्डा के हस्तक्षेप के बाद उन्हें वापस ले लिया गया था। इस बार, राजिंदर सिंह जून को फिर से नामांकित किया गया है, जिसके कारण राजेश जून ने अपनी स्वतंत्र उम्मीदवारी की घोषणा की है। राजेश जून के अलावा बड़ौदा विधानसभा क्षेत्र से कपूर सिंह नरवाल ने भी असंतोष जताया है।
नरवाल ने दावा किया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उन्हें टिकट देने का वादा किया था, लेकिन इसके बदले इंदुराज सिंह नरवाल को टिकट दे दिया गया। कपूर सिंह नरवाल ने कहा, "उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को धोखा दिया है, मुझे नहीं। मैं कल निर्दलीय चुनाव लड़ने के बारे में फैसला लूंगा।" उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि वे पार्टी छोड़ सकते हैं।
आपको बता दें कि कांग्रेस की 32 उम्मीदवारों की पहली सूची में गढ़ी सांपला-किलोई से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और जुलाना से नई उम्मीदवार विनेश फोगट जैसे नाम शामिल हैं। राज्य इकाई के प्रमुख उदयभान होडल से चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस को उम्मीद है कि हरियाणा में भाजपा को हराने की उसकी संभावनाओं पर आंतरिक असंतोष का कोई असर नहीं पड़ेगा।
वहीं, दूसरी तरफ राहुल गांधी द्वारा वोटों के बंटवारे को रोकने के लिए आप के साथ गठबंधन करने पर जोर दिए जाने के बाद केंद्रीय नेतृत्व को प्रतिरोध का सामना करना पड़ा है। हालांकि बुधवार को समझौते की घोषणा की गई थी, लेकिन आप द्वारा 10 सीटों की मांग के साथ बातचीत रुकी हुई है, जबकि कांग्रेस केवल पांच से सात सीटों की पेशकश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications