हरियाणा चुनाव: खुद भाजपा नेता ने कबूला ये मुद्दे रहेंगे हावी, किसानों को लेकर कही ये बात
Haryana Election: हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अलग-अलग नेता इस चुनाव को लेकर अपनी जीत की दावेदारी ठोक रहे हैं। हरियाणा चुनाव में मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।
इस बीच भाजपा नेता किरण चौधरी ने भूपेंद्र हुड्डा की आलोचना करते हुए उन पर अपने दशक भर के कार्यकाल के दौरान पक्षपात और जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि हुड्डा के शासन में क्षेत्रवाद और सिफारिशों के आधार पर नौकरियां बांटी गईं। हुड्डा का लक्ष्य पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए किसानों की जमीन कम कीमत पर हड़पना था।

किरन चौधरी ने कहा कि हमारा देश ज्यादातर कृषि प्रधान है। भाजपा सरकार ने किसानों के लिए जो-जो किया है वह किसानों के लिए ऐतिहासिक है। अगर मैंने यहां पर गिनवाना शुरू कर दिया तो बहुत समय लगेगा।
इस चुनाव में क्या मुद्दे अहम होने वाले हैं, इसपर किरण चौधरी ने कहा कि पानी-बिजली और नौकरी के मुद्दे अहम हैं। यह पहली सरकार है जहां ना खर्ची है,ना पर्ची है। कोई सिफारिश की जरूरत नहीं है, बच्चे अपनी ईमानदारी से लगेंगे। गरीब से गरीब बच्चे को नौकरी मिलेगी, उसे किसी से भी सिफारिश करने की जरूरत नहीं है।
किरण चौधरी ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा और पंजाबियों के बारे में उनके बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हम दीपेंद्र हुड्डा से हिसाब मांगेंगे, उन्होंने पंजाबियों के बारे में कहा है कि उनकी संस्कृति हमारी संस्कृति से मेल नहीं खाती। किरण ने पिता-पुत्र की जोड़ी पर लूटपाट का आरोप लगाया और कांग्रेस को पारिवारिक संबंधों वाली पार्टी बताया।
हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक माहौल गरमा गया है। चुनाव आयोग ने 1 अक्टूबर को मतदान और 4 अक्टूबर को मतगणना तय की है। इस चुनावी मौसम में नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
इस साल हरियाणा में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया और दस में से पांच सीटें जीतीं। भाजपा ने भी पांच सीटें जीतीं थीं। ऐसे में माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications