हरियाणा: बिजली बिलों में हो रही गड़बड़ी, आमजन परेशान, हफ्तेभर में भी दूर नहीं की जा रहीं शिकायतें
चंडीगढ़। हरियाणा में विभिन्न जिलों के उपभोक्ता बिजली बिलों में गड़बड़ी से परेशान हैं और सरकार से दिक्कत दूर कराने की गुहार लगा रहे हैं। उपभोक्ताओं को निगम कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं, सरकारी सूचना-तंत्र को भी शिकायतें भेजी जा रही हैं। शिकायतों का अंबार लगा देख अब इस मामले में हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने माना है कि, 62% बिजली बिल ठीक होने में 7 दिन से ज्यादा लग रहे हैं। ऐसे में आयोग ने यह भी कहा है कि, गड़बड़ी वाले बिलों को 7 दिनों में ठीक कर दिया जाए। यदि ऐसा नहीं होगा तो एक्शन लिया जाएगा।

हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग की ओर से जारी आदेश अनुसार, बिजली बिलों में गड़बड़ी के कुल मामलों में से सिर्फ 38% बिल ही सात दिनों के भीतर ठीक किए जा रहे हैं। अन्यथा 44% बिलों को ठीक करने में 7 से 30 दिनों का वक्त लग रहा है। बाकी 17% बिलों को ठीक करने के लिए उपभोक्ताओं को एक माह से ज्यादा का वक्त लग रहा है। यानी 62% बिल समय पर ठीक नहीं हो रहे हैं। ऐसे में जिन लोगों के बिलों में गड़बड़ी आ रही है, वो बढ़ी हुई रकम आने से काफी परेशान हैं। ऐसे लोग विभिन्न तरीकों से सरकार को शिकायतें कर रहे हैं।

आयोग ने एक अन्य आदेश में वाहनों को लेकर भी हिदायतें दी हैं। सरकारी आयोग के आदेश में कहा गया है कि, सरकारी वाहनों पर जीपीएस सिस्टम दुरुस्त नहीं है। उनका मिसयूज हो रहा है। देखने में आ रहा है कि शनिवार-रविवार को अधिकारी दफ्तर छोड़ रहे हैं। ऐसे में आयोग के आदेश हैं कि, वाहनों पर जीपीएस सिस्टम लगाया जाए, ताकि वाहनों की ट्रेकिंग हो सके।












Click it and Unblock the Notifications