कोरोना: हरियाणा में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 166 हुई, हर हाॅटस्पॉट जिले से 450 सैंपल लिए जाएंगे
चंडीगढ़। सूबे में कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़कर 166 हो गई है। ऐसे में सरकार ने जमातियों पर सख्ती करने के साथ ही प्रभावित इलाकों में लोगों की सैंपलिंग में तेजी लाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत हरियाणा भर में 14 अप्रैल तक 6500 सैंपल लिए जा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सूब में अब तक 2964 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा भी की थी। बैठक में यह भी तय हुआ कि जिन जिलों में ज्यादा मरीज सामने आए हैं, उस हर जिले से 450 सैंपल लिए जाएंगे।

ये जिले किए गए हैं हॉटस्पॉट घोषित
हरियाणा में गुड़गांव, फरीदाबाद, नूंह और पलवल को हॉट स्पॉट जिला घोषित किया गया है। इन्हीं जिलों में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या ज्यादा है। यहां सबसे ज्यादा 38 मरीजों के साथ नूंह जिला पहले नंबर पर है। वहीं, गुरुग्राम में 32, पलवल में 28, फरीदाबाद में 28, पानीपत में 4, अम्बाला में 7, पंचकूला में 4, भिवानी में 2, कैथल में 2, सिरसा में 3 और सोनीपत में 2 मामले सामने आ चुके हैं। इनके अलावा हिसार, झज्जर (बहादुरगढ़), रोहतक, करनाल, चरखी दादरी, जींद, फतेहाबाद में एक-एक मरीज दर्ज हुआ है।
राज्य में कोरोना के 32 मरीज ठीक हुए
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य में गुरुवार को 8 नए मामले सामने आए। झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में एक नर्स भी पॉजिटिव मिली है। जबकि, कैथल में एक 9 वर्षीय बच्चा भी संक्रमित मिला। यह बच्चा बिहार का रहने वाला है और मदरसे में पढ़ने आया था।
covid19india.org वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में कोरोना की वजह से 2 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि, 32 मरीजों को ठीक किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications