Haryana: कांग्रेस और BJP में गांवों, कस्बों और शहरों में कैसे हुआ सीटों का बंटवारा, किसने कहां मारी बाजी?
Haryana Chunav Result: हरियाणा विधानसभा चुनावों ने एक बार फिर साबित किया है कि शहरी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की बादशाहत कायम है। लेकिन, अर्ध-शहरी या कस्बों की सीटों पर तो पार्टी ने इस बार और भी अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, ग्रामीण इलाकों की सीटों पर कांग्रेस का पलड़ा अभी भी भारी नजर आया है, लेकिन बीजेपी ने यहां भी अपना दबदबा बचाए रखने में कामयाबी हासिल की है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के जैसे-जैसे सूक्ष्म विश्लेषण हो रहे हैं, कई नई-नई चीजें निकलकर सामने आ रही हैं। इससे यह पता चल रहा है कि आखिर क्या वजह रही कि बीजेपी दो कार्यकालों की एंटी-इंकंबेंसी को प्रो-इंकंबेंसी में बदलने में सफल हो गई और कांग्रेस सरकार की एक दशक पुरानी एंटी-इंकंबेंसी अभी भी हरियाणा के वोटरों के दिमाग से क्यों नहीं उतरा है।

हरियाणा विधानसभा के चुनाव नतीजे
हरियाणा की 90 सीटों में से बीजेपी को 48, कांग्रेस को 37, निर्दलियों को 3 और आईएनएलडी को 2 सीटें मिली हैं। ओवरऑल वोट प्रतिशत की बात करें तो बीजेपी को 39.94%, कांग्रेस को 39.09%, आईएनएलडी को 4.14% और अन्य को 11.64% वोट मिले हैं।
हरियाणा में सबसे ज्यादा अर्ध-शहरी क्षेत्रों वाली सीट
हरियाणा की कुल 90 सीटों में से सबसे ज्यादा यानी 45 सीटें अर्ध-शहरी क्षेत्रों या कस्बों की सीटें हैं। उसके बाद 26 शहरी इलाकों में आने वाली सीटें हैं। जबकि ग्रामीण इलाकों में यहां मात्र 19 विधानसभा सीटें हैं।
शहरी सीटों पर भाजपा की बादशाहत कायम
शहरी क्षेत्र की 26 विधानसभा सीटों में से 61.5% सीटों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। जबकि, कांग्रेस सिर्फ 30.8% सीटों पर ही जीत सकी है। 7.7% क्षेत्र पर निर्दलियों का कब्जा हुआ है।
कस्बे वाली आधी से ज्यादा सीटों पर भी बीजेपी का कब्जा
वहीं 45 अर्ध-शहरी या कस्बाई सीटों में से भी 53.3% सीटों पर बीजेपी ने भगवा लहराया है तो कांग्रेस यहां भी सिर्फ 40% सीटों पर जीत सकी है। ऐसे इलाकों की 4.4% सीटें इनेलो के खाते में गई हैं तो 2.2% सीटों तक निर्दलियों का प्रभाव नजर आया है।
ग्रामीण इलाकों की सीटों पर कांग्रेस का दबदबा रह गया कायम
अब 19 ग्रामीण सीटों की बात करें तो इनमें से सीधे-सीधे बीजेपी और कांग्रेस में बंटवारा हो गया है। इनमें से कांग्रेस के खाते में 57.9% सीटें गई हैं तो बीजेपी को 42.1% सीटें मिली हैं। हरियाणा में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ने ही 90 सीटों में से 89-89 पर ही उम्मीदवार उतारे थे।
ऊपर के आंकड़ों को देखने से लगता है कि ग्रामीण इलाकों के मतदाताओं को कांग्रेस अपनी बातें समझाने में जिस हद तक सफल हो पाई, शहरी और कस्बाई इलाकों में उसका सिक्का नहीं चल पाया और वह लगातार तीसरी बार भी वोटरों के हाथों सत्ता के सिंहासन से दूर कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications