'हां, हमारे बीच सीटों के बंटवारे पर चर्चा चल रही', हरियाणा में आप-कांग्रेस के बीच बातचीत लगभग तय
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच पिछले कुछ दिनों से चर्चा चल रही है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर पेंच फंसा है। आम आदमी पार्टी के नेता और सांसद राघव चड्ढा ने भी इस बात को स्वीकार किया है कि प्रदेश में दोनों दलों के बीच गठबंधन की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि दोनों दलों के बीच अभी तक सीटों के बंटवारे को लेकर आम राय नहीं बन पाई है लेकिन बातचीत सकारात्मक रही है। कांग्रेस के साथ बातचीत में सक्रिय रूप से शामिल चड्ढा ने कहा कि आप तब तक चुनाव पूर्व गठबंधन नहीं करेगी जब तक कि इससे दोनों पार्टियों को फायदा न हो।

उन्होंने कहा, "सीटों के बंटवारे पर हर बात पर टिप्पणी नहीं की जा सकती। दोनों पार्टियों की गठबंधन बनाने की इच्छा और उम्मीद है।" चड्ढा ने जोर देकर कहा कि गठबंधन के बारे में फैसला 12 सितंबर से पहले किया जाएगा, जो नामांकन की आखिरी तारीख है।
राघव चड्ढा ने कहा कि "हम नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर से पहले ही फैसला ले लेंगे। अगर जीत-जीत की स्थिति नहीं बनती है, तो हम इसे छोड़ देंगे।" रिपोर्ट्स के मुताबिक, आप ने आगामी चुनावों के लिए 10 सीटें मांगी हैं।
लेकिन कांग्रेस सिर्फ़ सात सीटें देने को तैयार है। कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सीपीआई (एम) और समाजवादी पार्टी जैसी अन्य पार्टियों ने भी गठबंधन के लिए उनसे संपर्क किया है।
बाबरिया ने बताया, "फिलहाल हम आम आदमी पार्टी से बात कर रहे हैं। एक या दो अन्य पार्टियों ने भी हमसे संपर्क किया है; हम एक या दो दिन में जवाब देंगे। सीपीआई (एम) और समाजवादी पार्टी ने हमसे संपर्क किया है। उन्हें बहुत कम संख्या की उम्मीद है। वे राज्य में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं।"
हरियाणा विधानसभा चुनाव 5 अक्टूबर को होंगे, जिसमें सभी 90 सीटों पर मतदान होगा। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications