हरियाणा: 'उन्हें पुरस्कार नहीं लौटाना चाहिए और खेल भी...', बजरंग पुनिया के पद्मश्री लौटाने पर बोले अनिल विज
Haryana News: पदक विजेता पहलवान बजरंग पुनिया ने हाल ही में अपना पद्मश्री पुरस्कार लौटाने का ऐलान किया है। इस पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनका पुरस्कार उनका अधिकार है। उन्हें इसे वापस नहीं करना चाहिए, उन्हें इसे रखना चाहिए और अपना खेल खेलते रहना चाहिए।
गृह मंत्री ने कहा कि अगर उन्हें कोई समस्या है तो उन्हें खेल में रहते हुए अपना पक्ष सामने रखना चाहिए। ना तो उन्हें अपना पुरस्कार लौटाना चाहिए और ना ही उन्हें खेलना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बजरंग पुनिया ने अपनी मेहतन से पुरस्कार कमाए हैं। उन्हें वापस नहीं करना चाहिए। अगर उनके पास कोई मुद्दा है तो उन्हें उठाते रहना चाहिए लेकिन खेल नहीं छोड़ना चाहिए।

बता दें कि हाल ही में हुए भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के चुनाव में बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह अध्यक्ष चुने गए। WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों में इसको लेकर काफी नाराजगी है। इस बीच पदक विजेता पहलवान बजरंग पुनिया ने अपना पद्मश्री पुरस्कार लौटाने का ऐलान किया है।
बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट समेत कई पहलवानों ने बीजेपी सांसद और WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा चुके हैं। दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की है। वे अभी बेल पर चल रहे हैं।
गंभीर आरोप लगने के बाद बृजभूषण सिंह ने WFI के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। लेकिन चुनाव में उनके ही वफादार माने जाने वाले संजय सिंह अध्यक्ष चुने गए हैं। पहलवानों ने कहा था कि अगर संजय सिंह चुनाव जीतते हैं तो पहलवानी छोड़ देंगे।
यह भी पढ़ें- Haryana News: अवैध शराब बिक्री पर कसेगा शिकंजा, गृहमंत्री अनिल विज ने कही बड़ी बात












Click it and Unblock the Notifications