8 महीने पहले गई नौकरी, 3 महीने से नहीं भर पाया स्कूल फीस तो 6 साल की बेटी की कर दी हत्या
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक बाप ने महज इसलिए अपनी मासूम बेटी की हत्या कर दी कि वो बेटी के स्कूल की फीस जमा नहीं कर पा रहा था। आरोपी की पत्नी की शिकायत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का नाम जसबीर सिंह है और वह आर्थिक तंगी से परेशान चल रहा था। आठ महीने से जसबीर सिंह के पास कोई नौकरी भी नहीं थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला कुरुक्षेत्र के लाडवा थाना अंतर्गत गांव दबखेड़ा का है। हरजिंदर कौर ने थाना लाडवा में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी छह वर्षीय बेटी असमीत कौर लाडवा के एक स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती थी। उसका पति प्राइवेट नौकरी करता था, लेकिन 8 महीने पहले नौकरी छूट गई। पुलिस से शिकायत में उसने कहा कि जब भी वह अपनी बेटी की स्कूल की फीस जमा करने के लिए कहती थी तो उसका पति गुस्सा हो जाता था। इसी तरह गुस्साए पिता ने बेटी का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
दबखेड़ा निवासी जसबीर सिंह ने आठ साल पहले पंजाब की हरजिंदर कौर से प्रेम विवाह किया था। परिवार वाले इस शादी से खुश नहीं थे। इसलिए दोनों के ही परिवारों ने उनसे नाता तोड़ लिया था। बता दें कि असमीत कौर अपने मां-बाप की इकलौती संतान थी। मृतका असमीत कौर डीपीएस किड्ज स्कूल लाडवा में पहली कक्षा की छात्रा थी। वहीं, स्कूल के निदेशक राजन वढेरा ने बताया कि असमीत कौर की केवल दो माह की फीस 3800 रुपए बकाया थी। उन्होंने बताया कि मृतका के पिता ने एक सप्ताह पहले ही फोन करके कहा था कि वह जल्दी ही फीस जमा करा देगा।












Click it and Unblock the Notifications