Bhupinder Singh Hooda Interview:हरियाणा चुनाव में विनेश, AAP से गठबंधन व कांग्रेस CM फेस पर क्या बोले हुड्डा?
Bhupinder Singh Hooda Interview: हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि प्रदेश में अबकी बार कांग्रेस की सरकार बनेगी। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस को भारी बहुमत मिलने वाला है। खुद राहुल गांधी भी चुनाव प्रचार के लिए हरियाणा जाएंगे।
न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में विनेश फोगाट, आम आदमी पार्टी के गठबंधन, सीएम फेस समेत कई सवालों के बेबाकी से जवाब दिए। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच सीध मुकाबला होगा, मगर जीत कांग्रेस की होगी।

सवाल-क्या विनेश फोगाट कांग्रेस ज्वाइन करेंगी?
हुड्डा- यह एक काल्पनिक सवाल है, लेकिन एथलीट सिर्फ एक पार्टी के नहीं होते, वे पूरे देश के होते हैं। अगर कोई पार्टी में शामिल होता है, तो आपको पता चल जाएगा जो भी पार्टी में शामिल होता है, हम उसका स्वागत करते हैं, लेकिन यह एक काल्पनिक सवाल है। यह उन पर निर्भर करता है। आज उनके साथ अन्याय हुआ है। उन्हें उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्हें राज्यसभा में मनोनीत किया जाना चाहिए।"
मैंने कहा था कि उन्हें वहीं सम्मान मिलना चाहिए, जो स्वर्ण पदक विजेता को मिलता है। उन्हें वह नहीं मिला। सरकार ने उनके लिए रजत पदक सम्मान की घोषणा की। मैंने कहा था कि जैसे सचिन तेंदुलकर को राज्यसभा में मनोनीत किया गया, वैसे ही उन्हें भी मनोनीत किया जाना चाहिए। उनके साथ अन्याय हुआ है, उन्हें न्याय नहीं मिला।
सवाल-हरियाणा चुनाव में कांग्रेस की क्या तैयारी?
हुड्डा-अभी कांग्रेस की चुनाव समितियों की बैठकें चल रही हैं। दावेदारों की छंटनी होगी और जल्द ही टिकटें फाइनल की जाएंगी
सवाल-लोकसभा चुनाव परिणाम को कैसे देखते हैं?
हुड्डा-लोकसभा चुनाव 2024 में हरियाणा के जो नतीजे आए उनसे स्पष्ट हो गया कि मुकाबला कांग्रेस-बीजेपी के बीच है। वोट कटवों के लिए कोई जगह नहीं।
सवाल-आप अग्निवीर योजना का मुद्दा भी उठाते रहे हैं।
हुड्डा-हमने कहा था कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनती है तो हम पुरानी भर्ती प्रक्रिया को बहाल करेंगे। 18 साल का युवक भर्ती होगा और 22 साल का बनकर वापस आएगा। उसे न तो कोई पेंशन मिलेगी और न ही कोई सुविधा। यह उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। हरियाणा को नुकसान होगा क्योंकि हर साल 5000 युवा सशस्त्र बलों में शामिल होते हैं। जब अग्निवीर योजना आई तो 250 युवा इसमें शामिल हुए। उनका भविष्य अंधकार में डूब गया।
सवाल- हरियाणा में आप के साथ गठबंधन?
हुड्डा-हमारा यहां (हरियाणा में) आप के साथ कोई गठबंधन नहीं है। राष्ट्रीय स्तर पर सभी पार्टियों के साथ हमारा गठबंधन है, लेकिन राज्य स्तर पर अभी तक ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। कांग्रेस हरियाणा चुनाव में अपने आप में सक्षम है।
सवाल-आपने हरियाणा के लिए क्या किया?
हुड्डा-साल 2014 में जब हम सत्ता से बाहर हुए थे, तब हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, कानून व्यवस्था, रोजगार और खेल के मामले में नंबर वन था। आज हम पिछड़ रहे हैं। आज हम किस मामले में सबसे आगे हैं? बेरोजगारी व अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं।
कानून व्यवस्था विफल हो गई है। दुनिया भर में प्रशंसा जीतने वाली महिला पहलवानों को जंतर-मंतर पर बैठना पड़ा, लेकिन उन्हें अभी तक न्याय नहीं मिला है। आज हरियाणा में 2 लाख स्वीकृत पद खाली हैं। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने पर हम पहले साल में ही 1 लाख स्थायी नौकरियां देंगे और उसके बाद के वर्षों में 50-50 हजार नौकरियां देंगे।
सवाल- हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस का सीएम फेस कौन?
हुड्डा-मैंने कहा था कि मैं इस बार चुनाव लड़ूंगा। मैं न थका हूं, न रिटायर्ड हूं। कोई गुटबाजी नहीं है। हर कोई कांग्रेस को मजबूत करने की बात कर रहा है। सभी कांग्रेस नेता कांग्रेस को मजबूत करने की बात कर रहे हैं। गुटबाजी देखनी है तो भाजपा में देख लो।
सवाल-हुड्डा ने सिर्फ रोहतक का विकास किया?
हुड्डा- यह बात सिर्फ वो लोग बोलते हैं, जिनको हरियाणा के विकास का पता हीं नहीं। जो हरियाणा का नक्शा तक नहीं जानते। वो यह बात बोलते हैं। हरियाणा प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि अकेले रोहतक से थोड़े ही हुई है। भाजपा ने दस साल के कार्यकाल में कुछ नहीं किया जबकि हमने शिक्षा का हब बनाने की कोशिश की।
पंचकूला में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कुरुक्षेत्र में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, करनाल में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, सोनीपत में डॉ. अम्बेडकर लॉ यूनिवसिर्टी, खानपुर में महिला विश्वविद्यालय, मुरथल में इंजीनियरिंग कॉलेज को विश्वविद्यालय, फरीदाबाद में मेडिकल कॉलेज, गुरुग्राम में देश की पहली डिफेंस विश्वविद्यालय, रेवाड़ी में इंदिरा गांधी के नाम से विश्वविद्यालय, सैनिक स्कूल, झज्झर में एम्स, रोहतक में आईआईएम समेत कई जगहों उच्च संस्थान खोले गए हैं। भाजपा हरियाणा में अपने बीते दस साल में राष्ट्रीय स्तर का एक भी संस्थान नहीं खोला।












Click it and Unblock the Notifications