मूसलाधार बारिश से भरा पानी, दूध लेने निकला युवक गड्ढे में गिरा, चली गई जान
फतेहाबाद। हरियाणा में फतेहाबाद के अरोड़वंश धर्मशाला रोड पर बारिश की वजह से जलभराव हो गया। वहां हुए कीचड़ की वजह से लोगों को निकलने में दिक्कत होने लगीं। पानी इस कदर भर गया कि, गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे। वहां से गुजर रहा एक युवक गड्ढ़े में गिर पड़ा। कुछ देर तक जूझने के बाद उसकी मौत हो गई।
उसकी लाश पानी में पडी देख स्थानीय लोगों के बीच कोहराम मच गया। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को खबर दी। युवक के पेट में पानी भर गया था और सांस घुटने से उसकी जान चली गई थी। उसकी पहचान महेश के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि, देर रात बारिश होने की वजह से इलाके में लगभग दो फुट तक पानी भर गया।

यहीं का रहने वाला 28 वर्षीय महेश सुबह करीब छह बजे घर से दूध लेने पैदल ही निकला था। वह जैसे ही धर्मशाला रोड से तुलसी चौक की तरफ गया तो वहां पर ईंटों से टकराकर गड्ढे में गिर गया। पानी अधिक होने के कारण वह उसी में तड़पता रहा। बाद में दम तोड़ दिया। आधे घंटे बाद लोग जब बाजार के लिए निकले तो उन्हें वह वहां पड़ा दिखाई दिया। महेश की मौत हो जाने के बाद लोगों ने दुकानें बंद कर दीं और उस रोड जाम कर दिया। लोगों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज करने की मांग करते हुए कार्रवाई कराने की ठानी।












Click it and Unblock the Notifications