चारा उठाने का उलाहना देने आए युवक की बड़े भाई ने लाठी मार-मारकर जान ले ली, मां को भी नहीं बख्शा
हरदोई। उत्तर प्रदेश में हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कैखाई निवासी एक युवक की उसी के भाई ने जान ले ली। बड़े भाई ने उसे और अपनी मां को लाठियों से पीटा। झगड़ा तब हुआ, जब छोटा भाई चारा उठाने का उलाहना देने आया। नशे में धुत बड़े भाई ने जानलेवा हमला किया। छोटे की बुरी हालत देख मां बीच-बचाव करने लगी तो बड़े बेटे ने मां को भी गंभीर चोटें दीं। इस परिवारिक झगड़े में राजेश (40) पुत्र रामासरे की मौत हो गई। राजेश अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

संवाददाता के अनुसार, राजेश व उससे बड़ा भाई सूरजपाल गांव में खेती करते थे। जबकि सबसे बड़ा भाई चंद्रप्रकाश मल्लावां स्थित इंटर कालेज में शिक्षक है। राजेश के परिवार में पत्नी रानी, पुत्र दीपक और पुत्री गुड़िया हैं। शनिवार को राजेश अपने बटाईदार से खेत में चारा काटकर रखने की बात कहकर सांडी बाजार गया था। इसी दौरान सूरजपाल का बेटा खेत मेें रखा राजेश का चारा अपने घर उठा ले गया। बाजार से वापस आने पर बटाईदार ने राजेश को इसकी जानकारी दी। राजेश सूरजपाल के घर उलाहना देने गया। इसी दौरान नशे में धुत सूरजपाल ने हमला कर दिया।

बचाव करने पहुंची मां रामदेवी (75) के भी मार-पीट में गंभीर चोटें आईं। जबकि, राजेश मरनासन्न हो गया। बाद में पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सांडी सीएचसी भेज दिया। चिकित्सक ने मां-बेटे की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पर चिकित्सक ने राजेश को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराकर घर लेकर आए। एएसपी त्रिगुण बिसेन ने बताया घटना संज्ञान में है। दोषी पर कार्रवाई करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications