तिलक समारोह में अचानक चल गई गोली, टीचर की वहीं हो गई मौत
हरदोई। यूपी के हरदोई में एक शिक्षक की हत्या का मामला सामने आया है। लोनार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम असलापुर में एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

असलापुर गांव में कल्लू उर्फ मझिले के पुत्र अवनीश का तिलक समारोह था। तिलक में शामिल होने ग्राम बूटामऊ निवासी और बरवन के प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक सुरेश वर्मा उर्फ श्यामू (55) भी गए थे। समारोह में अचानक गोली चली और सुरेश को जा लगी। जिसके बाद हड़कंप मच गया और अफरातफरी के बीच भगदड़ मच गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
इस मामले में मृतक के पुत्र अंबरीश का आरोप है कि कल्लू के दामाद शिवम ने तमंचे से गोली मारकर उसके पिता सुरेश की हत्या कर दी। वहीं प्रत्यक्षदर्शी कुछ ग्रामीणों का कहना है की दोनों के बीच पैसों के लेन देन का मामला था और उसी को लेकर कहासुनी हो रही थी। मृतक के पुत्र ने पांच लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप भी लगाया है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications