10 साल की बच्ची से रेप का केस हुआ तो दुकानदार ने पीड़िता के परिवार का जीना मुश्किल कर दिया
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 10 साल की बच्ची से पड़ोसी दुकानदार ने दरिंदगी की। पता चलने पर बच्ची के परिजनों ने दुकानदार के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत रेप का केस दर्ज किया। अपने खिलाफ शिकायत दर्ज होने पर रेप का आरोपी आग-बबूला हो गया। उसने पीड़ित बच्ची के परिजनों को धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि बलात्कारी उन्हें जान से मार डालने की धमकियां दे रहा है। वह मुकदमा वापस लेने का दवाब बना रहा है।

संवाददाता के अनुसार, हरदोई के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पीड़ितों की ओर से सुरक्षा मांगी गई है। 10 साल की बच्ची, उसकी विधवा मां और उसके कुछ रिश्तेदार पुलिस से न्याय चाहते हैं। रेप की घटना हफ्तेभर पहले माधोगंज थाने के एक गांव में अंजाम दी गई थी। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि बाबू उर्फ़ जगमोहन नामक दुकानदार ने ये वारदात की। बाबू उर्फ़ जगमोहन दबंग खानदान से है, जब उसे पता चला कि पुलिस से शिकायत कर दी गई है तो वह पीड़िता के परिजनों को धमकाने लगा।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्थानीय पुलिस दबंग आरोपी की मदद कर रही है। जिसकी वजह से दुष्कर्म का आरोपी खुलेआम घूमकर बालिका और उसके परिवार को पूरे मामले में सुलह करने के लिए धमकाने में जुटा हुआ है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की लापरवाही और दुष्कर्म के आरोपी खुलेआम घूमने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस के आला अफसर पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई करने का दावा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications