सिरफिरे ने प्रेमिका की होने वाली ससुराल में चिपकाया धमकी भरा पोस्टर, लिखा - 'बारात को शमशान बना दूंगा'
एक आशिक़ ने अपनी प्रेमिका की शादी को रोकने के लिए जो कुछ भी किया है उसे देखकर आपको सनी देओल की फिल्म 'जीत' और उसका एक हिट डायलॉग "लाशें बिछा दूंगा लाशें" की जरूर याद आ जाएगी।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद ही अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आशिक़ ने अपनी प्रेमिका की शादी को रोकने के लिए जो कुछ भी किया है उसे देखकर आपको सनी देओल की फिल्म 'जीत' और उसका एक हिट डायलॉग "लाशें बिछा दूंगा लाशें" की जरूर याद आ जाएगी। इस सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका के होने वाले दूल्हे के घर के बाहर एक धमकी भरा पोस्टर चिपका दिया है। जिसे देख दूल्हा, दूल्हे के परिजन और पुलिस सब ही हैरान परेशान हैं। यही नहीं, इस सिरफिरे ने दूल्हे के घर के बाहर फायरिंग भी की है जिससे दूल्हा काफी डरा हुआ है।

"बारात को शमशान बना दूंगा" - सिरफिरे आशिक का धमकी भरा पोस्टर हुआ वायरल
दरअसल, पूरा मामला उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद से सटे हापुड़ जिले के थाना सिंभावली क्षेत्र का है। जहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की शादी को लेकर पोस्टर लिखा और दूल्हे के घर के बाहर चिपका दिया। अब यह पोस्टर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हो रहा है। बता दें कि इस सिरफिरे युवक से दूल्हे समेत उसका पूरा परिवार परेशान है।
युवक ने दूल्हे के घर के बाहर पोस्टर चिपकाया है और उसमे लिखा है कि "कान खोलकर सुन (दूल्हे का नाम) दूल्हे राजा, (दुल्हन का नाम) सिर्फ मेरी है।" इसके आगे लिखता है कि "बारात लेकर मत आना नहीं तो तू जिन्दा नहीं बचेगा। बारात शमशान बना दूंगा। जिस भाई को दावत के साथ साथ गोली भी खानी हो वही बारात में आए। यही नहीं, इस सिरफिरे युवक ने आगे लिखा कि "अभी केवल हल्का सा ट्रेलर देकर जा रहा हूँ बाकी फिल्म बारात में चलेगी।" इसके बाद नीचे अपना साइन करते हुए लिखता है,"यार डिफालटर"

Recommended Video

अब पुलिस करेगी दूल्हे की सुरक्षा
आपको बताते चलें कि इस सिरफिरे आशिक ने दूल्हे युवक के घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैला दी है और इस पोस्टर में यह सिरफिरा युवक जिस ट्रेलर की बात कर रहा है, वह इसी फायरिंग का हवाला दे रहा है।
वहीं युवक और युवती के परिजनों का कहना है कि धमकी भरे पोस्टर लगाने वाला युवक दबंग किस्म का है उसके पास असला भी है। वह शादी में अनहोनी कर सकता है, इसलिए शादी में पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की जाए। पुलिस का कहना है कि शादी से पहले ही इस मामले में कार्यवाही कर दी जाएगी और अगर जरूरत हुई तो शादी में फोर्स भी लगाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications