यूपी: बिना मान्यता वाले 82 स्कूलों पर शिक्षा विभाग ने लगाया 82 लाख का जुर्माना, मची खलबली
Hapur News (हापुड़)। उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। हापुड़ जिले में सिंभावली ब्लॉक के 17 स्कूलों सहित कुल 82 स्कूलों को विभाग ने नोटिस जारी किए हैं। स्कूलों को भेजे नोटिस में विभाग के खाते में एक-एक लाख रुपये जमा कराने के आदेश दिए हैं। धनराशि जमा न कराने पर एफआईआर की चेतावनी दी है, इस कार्रवाई से स्कूल संचालको में हड़कंप मच गया है।

बता दें कि, नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के समय ही गैरमान्यता प्राप्त स्कूलों पर संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी कर स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया था। जिसके तहत की गई जांच में कई विद्यालयों को अवैध तरीके से संचालित पाया गया था। पिछले वर्ष भी शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ अभियान चलाते हुए कई स्कूलों को बंद कराया था। पिछले दिनों डीएम अदिति सिंह ने शिक्षा विभाग अधिकारियों को सख्ती से गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए। डीएम के आदेश के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद के गैर मान्यता प्राप्त 82 स्कूलों को संचालित किए जाने पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना नोटिस भेजा।

स्कूलों के प्रबंधकों में खलबली
शिक्षा विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से स्कूलों के प्रबंधकों में खलबली मच गई है, जिसको लेकर स्कूलों के प्रबंधकों ने विभाग को स्कूलों की मान्यता के लिए आवेदन कर दिए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि तीन दिन के अंदर जुर्माना राशि जमा न कराने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications