हमीरपुर: 11 साल के बच्चे का शव कई टुकड़ों में मिला, दो दिन पहले हुआ था अपहरण
हमीरपुर, 01 सितंबर: खबर उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से है। यहां 11 साल के बच्चे का शव कई टुकड़ों में नाले के पास आज (01 सितंबर) को पड़ा मिला। शव की पहचान कपड़ों से हो सकी है। वहीं, बच्चे का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने चारों तरफ बिखरे पड़े टुकड़ों को समेटकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई की वजह से किशोर की जान चली गई।

यह मामला हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर की कांशीराम कॉलोनी का है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, कमरुद्दीन का बेटा सुब्बी (11) 30 अगस्त की सुबह 11 बजे से गुम था। परिजनों ने सारा दिन खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। 31 अगस्त को सुब्बी की गुमशुदगी की सूचना थाने में दी गई थी। तहरीर में कॉलोनी से लगे बसंत नगर निवासी माइकल वर्मा और सूरज खंगार के ऊपर सुब्बी को गायब करने का शक जाहिर किया गया था।
माइकल और सूरज भी लापता बताए जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने इस सूचना पर बहुत ज्यादा गौर नहीं किया। बुधवार की सुबह कांशीराम कॉलोनी के पीछे नाले के पास मानव अंगों के बिखरे होने की खबर मिलने पर सुब्बी के परिजन मौके पर पहुंच गए। आसपास के इलाके में चारों तरफ बच्चे के शरीर के टुकड़े बिखरे हुए थे। कपड़े देखकर परिजनों ने शिनाख्त की और चीख-पुकार मच गई। मौके पर सीओ सदर अनुराग सिंह भी पहुंच गए।
पुलिस ने घटना स्थल पर बिखरे पड़े शव के टुकड़ों को समेटकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। फील्ड यूनिट ने भी घटना स्थल पर साक्ष्य जुटाएं हैं। मृतक के पिता कमरुद्दीन और बड़े भाई जुम्मन खां का कहना है कि कल ही पुलिस को तहरीर देकर दो युवकों पर आरोप लगाया था, लेकिन कल सारा दिन पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ का कोई प्रयास नहीं किया। वहीं, सुमेरपुर थाने के इंस्पेक्टर वीपी सिंह ने बताया कि परिजन की तरफ से तहरीर मिल गई है जिसमें दो युवकों पर शक जताया है। तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications