भूमि पूजन करने गए कांग्रेस विधायक को भीड़ ने घेर कर दी जान से मारने की धमकी
ग्वालियर मे कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार को भीड़ ने घेर कर की बदसलूकी, दी जान से मारने को धमकी।
ग्वालियर, 18 मई। ग्वालियर में विकास कार्य का भूमि पूजन करने गए कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार को भीड़ ने घेर कर ना केवल उनके साथ बदसलूकी की बल्कि उन को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। पूरा मामला बुधवार का है जब कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार महलगांव इलाके में रोड निर्माण कार्य का भूमि पूजन करने के लिए गए हुए थे।

ढाई सौ लोगों का परिवार है 2 मिनट नहीं लगेंगे
जिस वक्त कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार को भीड़ ने चारों तरफ से घेर रखा था उस वक्त भीड़ में ही शामिल एक शख्स ने खुलेआम कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार को जान से मारने की धमकी तक दे डाली। धमकी देने वाले शख्स ने भीड़ में चिल्लाते हुए कहा कि 'ढाई सौ लोगों का परिवार है 2 मिनट नहीं लगेंगे', यह सुनकर कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार भी हैरान रह गए।
कांग्रेस विधायक के सामने ही लगाए गए मुर्दाबाद के नारे
कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार के सामने ही भीड़ में मौजूद लोगों ने विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिए। इसके साथ ही ग्वालियर पूर्व विधानसभा के पूर्व विधायक और बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल के जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिए। एक पल के लिए तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार ने संयम का परिचय देते हुए वहां माहौल को शांत बनाए रखा।
कांग्रेस विधायकों को बेइज्जत करना चाहती है बीजेपी सरकार
कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में प्रदेश की बीजेपी सरकार कांग्रेस विधायकों को बेइज्जत करवाना चाहती है. बीजेपी सरकार के इशारे पर ही यह सब हो रहा है। कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार ने यह भी कहा कि उनको खुलेआम धमकी भी दी गई।
प्रभारी मंत्री ने कहा यह जांच का विषय नहीं
कांग्रेस विधायक के साथ हुए इस घटनाक्रम को लेकर जब ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता विधायक से नाराज है इसलिए जनता ने ऐसा किया है। साथ ही इस पूरे मामले की जांच को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि इसमें जांच जैसी कोई बात नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications