Gwalior news: सिर पर डंडा मारा और पत्थर पटक कर तोड़ दिए पत्नी के हाथ-पैर
ग्वालियर में पति बना हैवान, 25 हजार रुपए दहेज नहीं मिलने पर पत्नी को बुरी तरह पीटा, पत्नी के हाथ-पैर तोड़े, पीडि़त महिला ने पुलिस से मांगी मदद
Gwalior में मायके से पत्नी पच्चीस हजार रुपए लेकर नहीं आई तो पति हैवान बन गया और उसने अपनी पत्नी को पहले डंडे से पीटा फिर पत्नी के हाथ-पैरों पर पत्थर पटक कर उसके हाथ-पैर भी तोड़ दिए और पत्नी को मरने के लिए छोड़ कर पति भाग गया। पड़ोसियों ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मामूली धारा में मामला दर्ज कर लिया तो पीड़ित महिला व्हीलचेयर पर बैठकर एसपी ऑफिस पहुंच गई।

सत्यनारायण की टेकरी का है मामला
सत्यनारायण की टेकरी पर रहने वाले छोटू नाम के शख्स ने अपनी पत्नी लक्ष्मी से ₹25000 दहेज में लाने की मांग की थी। छोटू ने अपनी पत्नी से कहा था कि वह अपने पिता से ₹25000 लेकर आए जिस पर लक्ष्मी ने छोटू को बताया कि उसके पिता के पास पैसे नहीं है। यह सुनकर छोटू आग बबूला हो गया और उसने अपनी पत्नी की पिटाई कर दी।
Recommended Video

डंडे से पीटा और हाथ पैर पर पटके पत्थर
लक्ष्मी के पति छोटू ने हैवानियत की हदें पार करते हुए पहले अपनी पत्नी को डंडे से पीटा और उसके सिर में डंडा दे मारा। इतने पर भी जब पति का मन नहीं भरा तो उसने लक्ष्मी के हाथ-पैरों पर पत्थर पटकना शुरू कर दिए। लक्ष्मी चीखती रही चिल्लाती रही और छोटू उस पर बेरहमी से पत्थर पटकता रहा। इस वजह से लक्ष्मी के हाथ पैर टूट गए।

लक्ष्मी की पिटाई करने के बाद भाग गया पति
लक्ष्मी की पिटाई करने के बाद लक्ष्मी का पति छोटू घर से भाग गया। पड़ोसियों ने जब लक्ष्मी की यह हालत देखी तो उसके पिता रामेश्वर को इस बात की सूचना दी और लक्ष्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। शुरुआत में रामेश्वर ने इसे छोटी-मोटी लड़ाई समझा लेकिन जब रामेश्वर के पास फोन पहुंचा कि उसकी बेटी का पैर कटने की नौबत आ गई है तो रामेश्वर दौड़ा-दौड़ा ग्वालियर आ गया।

पुलिस पर लगाया मामूली धाराओं में प्रकरण दर्ज करने का आरोप
रामेश्वर का आरोप है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में छोटू पर एफआईआर दर्ज की है जबकि छोटू ने जिस बेरहमी से लक्ष्मी की पिटाई की है इस हिसाब से गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होना चाहिए। रामेश्वर अपनी बेटी लक्ष्मी को लेकर मंगलवार को जनसुनवाई में भी पहुंचा। व्हील चेयर पर बैठी लक्ष्मी ने अधिकारियों को अपने साथ हुई हैवानियत की कहानी सुनाई। जिसके बाद अधिकारियों ने संबंधित थाने को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications