Gwalior News: करंट के झटके ने तोड़े सपने, बाप-बेटे की मौत से टूटा परिवार; मां-बेटी को बचाने चक्कर में गई जान
Electric Shock In Gwalior: ग्वालियर में दर्दनाक हादसा हुआ है। करंट लगने से बाप-बेटे की मौत हो गई है। इस घटना में दो और लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में महाराज बाड़ा के समीप स्थित बालाबाई के बाजार में रहने वाला एक परिवार अपना पुराना घर गिरा कर नया बनवा रहा था। वहां निर्माण कार्य जारी होने के कारण उन्होंने पास में ही किराये पर एक रूम ले रखा है, जिसमें वे लोग रहते हैं। मकान में शॉर्ट सर्किट से बिजली का करंट दीवारों में फैल गया।

दीवारों में फैलने के बाद सबसे पहले मां और फिर बेटी को करंट ने अपनी चपेट में लिया। बाप और बेटे उन्हें बचाने के लिए दौड़े। मां-बेटी को तो उन दोनों ने बचा लिया लेकिन खुद को नहीं बचा सके। बाप और बेटे की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठे हुए, लेकिन करंट के डर से कोई पास नहीं गया। कुछ लोगों ने लकड़ी के सूखे डंडे से जैसे तैसे घायलों को बाहर निकाला। इस बीच बिजली की सप्लाई बंद कराई गई और पुलिस के सहयोग से सबको निकाला गया। तब तक पिता और पुत्र की मौत हो चुकी थी। उनके शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए गए है। जबकि घायल मां और बेटी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक के परिजनों का कहना है कि बारिश का मौसम है। इस वजह से घर में करंट फैल गया। पुलिस का कहना है कि पिता और पुत्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications