Gwalior में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, भूमाफियाओं के चंगुल से मुक्त कराई इतने करोड़ की जमीन, अब इनकी बारी
Bulldozer Action: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बार फिर बुलडोजर एक्शन हुआ है। नगर निगम और पुलिस की टीम ने भू-माफिया के कब्जे से करीब 100 करोड़ की जमीन कब्जा मुक्त कराई है।
शहर के मध्य तारागंज कोटा लश्कर स्थित श्री रामजानकी मंदिर ट्रस्ट की लगभग पौने नौ बीघा सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है।

करीब 100 करोड़ रुपए कीमत की इस जमीन पर बनी बाउंड्रीवॉल और अन्य अतिक्रमण बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। 18 नवंबर को कलेक्टर रुचिका चौहान ने ट्रस्ट की जमीन का निरीक्षण किया था।
इस मंदिर से जुड़ी माफी औकाफ की जमीन पर बाउंड्रीवॉल पाई जाने पर उन्होंने बाउंड्रीवॉल बनाने वाले के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
एसडीएम लश्कर नरेंद्र बाबू यादव के नेतृत्व में श्री रामजानकी मंदिर ट्रस्ट की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। उन्होंने बताया इस जमीन पर मनोहरलाल भल्ला ने बाउंड्रीवॉल बना ली थी। वह प्लाट बेचने की तैयारी में था।
जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर न केवल बेशकीमती सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया है, बल्कि बहुत से भोले-भाले लोगों को प्लाट की जालसाजी में फंसने से भी बचाया है।
क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक प्रदीप महाकाली व पटवारी इकबाल खान की रिपोर्ट पर नायब तहसीलदार डॉक्टर रमाशंकर सिंह के न्यायालय में मध्यप्रदेश भू-संहिता की धारा-248 के तहत प्रकरण दर्ज किया था।इस प्रकरण में विधिवत आदेश पारित कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।
अतिक्रमण हटाने के लिए गई टीम में तहसीलदार ग्वालियर, शिवदत्त कटारे व नायब तहसीलदार डॉ. रमाशंकर सिंह, नगर निगम के मदाखलत अधिकारी शकेशव सिंह चौहान व थाना प्रभारी, विपेंद्र सिंह चौहान सहित क्षेत्रीय आरआई, पटवारी व नगर निगम के मदाखलत दस्ता के कर्मचारी शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications