ग्वालियर मेले में लड़कियों के बीच हुई मारपीट, मुरैना में भी लड़कियों के बीच सड़क पर संग्राम
ग्वालियर के फूलबाग मैदान में लड़कियों के बीच हुई मारपीट, मुरैना के कैलारस में भी लड़कियों के बीच हुई मारपीट
ग्वालियर, 30 अगस्त। ग्वालियर चंबल में लड़कियों के बीच मारपीट के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। ग्वालियर में जहां फूलबाग मैदान में आयोजित मेले में लड़कियों के बीच जमकर मारपीट हो गई, वहीं मुरैना में भी एक कोचिंग के बाहर लड़कियों के बीच सड़क पर संग्राम हुआ। दोनों ही वीडियो में लड़कियां एक दूसरे की जमकर पिटाई करते हुए नजर आ रही हैं।
Recommended Video

फूलबाग मैदान में आयोजित मेले में हुई मारपीट
ग्वालियर के फूलबाग मैदान में सावन का मेला आयोजित किया गया है। इसी मेले को घूमने के लिए कुछ लड़कियां सोमवार की रात को पहुंची थीं। यहां किसी बात को लेकर लड़कियों में विवाद हो गया। थोड़ी देर में लड़कियां आपस में मारपीट करने लगी। मेला घूमना छोड़कर लड़कियां आपस में एक दूसरे को मारने पीटने लगी। यह देखकर वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। काफी देर तक लड़कियां आपस में मारपीट करती रहीं।

थाने तक नहीं पहुंची शिकायत
मेले में हुई मारपीट के बाद आपस में झगड़ने वाले लड़कियों के दोनों पक्ष में से एक भी पक्ष पड़ाव थाने नहीं पहुंचा। इस बात की भी जानकारी नहीं मिल सकी कि आखिर लड़कियां आपस में क्यों झगड़ रही थीं। लड़कियों की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

मुरैना में भी हुई लड़कियों के बीच मारपीट
मुरैना के कैलारस इलाके में भी लड़कियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। यहां सब्जी मंडी इलाके में एक कोचिंग से बाहर निकली हुई लड़कियों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद तीन लड़कियों ने मिलकर एक लड़की को सड़क पर पटक-पटक कर जमकर पीटा। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया।

काफी देर तक होती रही मारपीट
कोचिंग के बाहर लड़कियां आपस में लड़ती रहीं। काफी देर तक वे एक दूसरे को पीटते रहीं। झगड़ा कर रही एक लड़की ने अपनी दो अन्य सहेलियों को भी बुला लिया और फिर तीनों सहेलियों ने मिलकर दूसरी लड़की को जमकर पीटा। इस दौरान लोग वीडियो बनाते रहे। काफी देर तक जब यह मारपीट होती रही तो उसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराया।

थाने तक नहीं पहुंचा मामला
इस मारपीट की घटना में भी थाने तक मामला नहीं पहुंचा। कैलारस के एसडीओपी संजय कोच का कहना है कि एक भी पक्ष थाने नहीं पहुंचा है लेकिन अगर कोई शिकायत करने पहुंचेगा तो कार्रवाई जरूर की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications