ओबीसी का समर्थन पाने के लिए कांग्रेस ने किया बंद का समर्थन
ग्वालियर में ओबीसी के बंद को कांग्रेस दिया समर्थन, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा नें सड़क पर उतर कर बंद करवाए बाजार।
ग्वालियर, 21 मई। ओबीसी का वोट बैंक पाने की खातिर जहां बीजेपी अपना पूरा जोर लगा रही है तो वहीं कांग्रेस ने शनिवार को एक नया दांव खेल दिया। कांग्रेस ने शनिवार को ओबीसी महासभा द्वारा बुलाए गए प्रदेश व्यापी बंद को अपना समर्थन दे दिया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा खुद ओबीसी महासभा के बंद के आह्वान को समर्थन देने के लिए ग्वालियर की सड़कों पर नजर आए।


कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा से बातचीत में उन्होंने बताया कि ओबीसी वर्ग के साथ अन्याय हुआ है इसलिए कांग्रेस ओबीसी महासभा द्वारा बुलाए गए बंद के आह्वान को अपना समर्थन दे रही है और यही वजह है कि कांग्रेस पार्टी बंद के समर्थन में सड़कों पर है। जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि ओबीसी वर्ग के साथ कांग्रेस हमेशा खड़ी रहेगी।

मध्य प्रदेश में ओबीसी का वोट बैंक निर्णायक भूमिका में रहता है। ओबीसी के वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही जोर आजमाइश कर रही हैं। बीजेपी जहां इस बात को लेकर दावे कर रही है कि उन्होंने ओबीसी को नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में सम्मानजनक आरक्षण दिलाने में सफलता हासिल की है, वहीं कांग्रेस का कहना है कि ओबीसी वर्ग के साथ अन्याय हुआ है। कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग का वोट पाने के लिए ओबीसी वर्ग का हितेषी बनते हुए बंद के आह्वान को अपना समर्थन दिया है।
आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव पर जमी है दोनों दलों की नजर
प्रदेश में होने जा रहे नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों की नजर जमी हुई है। दोनों ही दल ज्यादा से ज्यादा संख्या में ओबीसी वर्ग का वोट हासिल करना चाहते हैं क्योंकि इसी वोट बैंक की दम पर पंचायत से लेकर नगरीय निकाय तक में पार्टियां अपना दबदबा कायम रख सकती है।












Click it and Unblock the Notifications