भीम आर्मी से मिलाया प्रीतम सिंह लोधी ने हाथ, अब क्या होगी ग्वालियर-चंबल की राजनीतिक बिसात?
बीजेपी ने निकाले गए उमा भारती के करीबी प्रीतम सिंह लोधी ने अब भीम आर्मी से हाथ मिला लिया है इस वजह से ग्वालियर चंबल के राजनीतिक समीकरण बन-बिगड़ रहे हैं
शिवपुरी, 23 अगस्त। बीजेपी पार्टी से बाहर किए गए प्रीतम सिंह लोधी ने अब भीम आर्मी से हाथ मिला लिया है। भीम आर्मी के साथ मिलकर प्रीतम सिंह लोधी ने शिवपुरी में अपना शक्ति प्रदर्शन भी किया है। इस शक्ति प्रदर्शन को देखकर राजनीतिक दलों में हलचल मची हुई है क्योंकि भीम आर्मी के साथ जहां दलित समाज के लोग जुड़े हुए हैं वहीं प्रीतम सिंह लोधी के साथ पिछड़ा वर्ग का समर्थन है। इन दोनों के एक दूसरे के साथ आने की वजह से ग्वालियर-चंबल अंचल में सियासी बिसात को लेकर तमाम चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

उमा भारती के करीबी हैं प्रीतम सिंह लोधी
ब्राह्मणों को लेकर विवादित बयान देने के बाद सुर्खियों में आए पूर्व बीजेपी नेता प्रीतम सिंह लोधी उमा भारती के बेहद करीबी हैं। विवाद के बाद प्रीतम सिंह लोधी ने माफी तो मांग ली थी लेकिन बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। इसके बाद प्रीतम सिंह लोधी के तेवर और भी सख्त हो गए। प्रीतम सिंह लोधी ने अब बीजेपी समेत अन्य राजनीतिक दलों को अपनी ताकत दिखाना शुरू कर दी है। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर प्रीतम सिंह लोधी के साथ उमड़े जनसमूह ने बीजेपी खेमे में हलचल मचा दी है।

पिछड़ा वर्ग का चेहरा बन कर उभर रहे हैं प्रीतम सिंह लोधी
बीजेपी से निष्कासित होने के बाद प्रीतम सिंह लोधी ग्वालियर-चंबल अंचल में पिछड़ा वर्ग का चेहरा बनकर उभर रहे हैं। जिस तरह से ब्राह्मण समाज ने प्रीतम सिंह लोधी के खिलाफ प्रदर्शन किया और बीजेपी पार्टी ने उनको निष्कासित कर दिया, इसके साथ ही प्रीतम सिंह लोधी पर एफआईआर दर्ज हुईं, उसके बाद प्रीतम सिंह लोधी को पिछड़ा वर्ग समाज की सहानुभूति हासिल हुई और पिछड़ा वर्ग समाज प्रीतम सिंह लोधी का साथ देने के लिए सड़कों पर उतर आया। ग्वालियर शहर में रेलवे स्टेशन से फूलबाग तक पिछड़ा वर्ग के लोगों की भीड़ ने यह साबित कर दिया कि प्रीतम सिंह लोधी अब पिछड़ा वर्ग का चेहरा बन गए हैं।

भीम आर्मी से मिलाया प्रीतम सिंह ने हाथ
मध्य प्रदेश में लगातार अपनी जड़ें मजबूत कर रही भीम आर्मी से प्रीतम सिंह लोधी ने अब हाथ मिला लिया है। पिछले दिनों शिवपुरी में आयोजित एक कार्यक्रम में भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भीड़ भी जुटी थी। तभी से भीम आर्मी की ताकत का एहसास ग्वालियर-चंबल में लोगों को होने लगा है लेकिन प्रीतम सिंह लोधी को भीम आर्मी का साथ मिल जाने से सियासत और भी गरमा गई है।

शिवपुरी में प्रीतम सिंह लोधी ने किया शक्ति प्रदर्शन
शिवपुरी में प्रीतम सिंह लोधी ने बीते रोज शक्ति प्रदर्शन किया। भीम आर्मी का भी पूरा सहयोग प्रीतम सिंह लोधी को मिला। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग के लोग भी बड़ी संख्या में प्रीतम सिंह लोधी का साथ देने के लिए पहुंचे। प्रीतम सिंह लोधी के साथ जुटी भीड़ को देखकर पुलिस को भी व्यवस्था बनाए रखने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी

आगामी विधानसभा चुनाव पर पड़ सकता है असर
आने वाले साल में मध्य प्रदेश के विधानसभा के चुनाव हैं। ऐसे में प्रीतम सिंह लोधी और भीम आर्मी के एक साथ आ जाने से दलित और पिछड़ा वर्ग एक साथ खड़े नजर आ रहे हैं। भीम आर्मी की पकड़ दलितों में काफी मजबूत है और पिछड़ा वर्ग का चेहरा प्रीतम सिंह लोधी बन चुके हैं। ऐसे में पिछड़ा वर्ग और दलित एक साथ आ जाने पर बीजेपी समेत अन्य दलों को भी नुकसान हो सकता है। देखने वाली बात यह होगी कि प्रीतम सिंह लोधी किसी पार्टी को अपना समर्थन देंगे या खुद ही वे चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे।

दलित और पिछड़ा वर्ग के वोट पर रहती है हर पार्टी की नजर
दलित और पिछड़ा वर्ग के वोट पर हर पार्टी की नजर रहती है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल पिछड़ा वर्ग को अपने खेमे में करने के लिए लगातार बयानबाजी करते रहते हैं। इसके अलावा खुद को दलितों का हितेषी बताने के लिए और उनका वोट पाने के लिए किसी दलित के घर खाना खाने का काम भी बीजेपी पार्टी के बड़े बड़े लीडर करते आ रहे हैं। कुल मिलाकर हर पार्टी की नजर दलित और पिछड़ा वर्ग के वोट पर रहती है लेकिन ग्वालियर-चंबल अंचल मे तेजी से बदल रहे समीकरणों को लेकर फिलहाल सभी प्रीतम सिंह लोधी पर निगाह बनाए हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications