सत्ता के नशे में चूर ABVP, जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति को दे दी धमकी
ग्वालियर मे एबीवीपी के छात्रनेता ने जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो.अविनाश तिवारी को धमकाया
ग्वालियर, 27 अगस्त। सत्ता के नशे में चूर एबीवीपी के छात्र नेता अब बदसलूकी और गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। ताजा मामला ग्वालियर के जीवाजी यूनिवर्सिटी में सामने आया है। यहां जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति को ही एबीवीपी के छात्र नेता ने जमकर धमकाया। यहां तक कि छात्र नेता ने कुलपति को उनकी कुर्सी से ही हटा देने की बात तक कह डाली।
Recommended Video

दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर हो रही थी बैठक
जीवाजी यूनिवर्सिटी में आयोजित होने जा रहे दीक्षांत समारोह को लेकर जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर अविनाश तिवारी बैठक कर रहे थे इस बैठक में दीक्षांत समारोह की तैयारियों की चर्चा चल रही थी। बैठक में यूनिवर्सिटी के रजिस्टार समेत अन्य अधिकारी और प्रोफ़ेसर मौजूद थे। तभी एबीवीपी के छात्र नेता बैठक कक्ष में प्रवेश कर गए।

एबीवीपी के छात्र ने कुलपति को धमकाया
एबीवीपी के छात्र नेता संदीप वैष्णव में कुलपति प्रोफेसर अविनाश तिवारी को सभी के सामने धमकाना शुरू कर दिया। संदीप ने कुलपति से कहा कि आप विद्यार्थी परिषद को इतने हल्के में मत लो वरना कुर्सी जाने में टाइम नहीं लगेगा। अपने शर्ट की बांह ऊपर करते हुए गुंडागर्दी भरे अंदाज में संदीप वैष्णव कुलपति को धमका रहा। संदीप ने कुलपति से यहां तक कह दिया कि आप गुंडागर्दी कर रहे हो आप बहुत बड़े गुंडे हो, आप नहीं जानते हो विद्यार्थी परिषद क्या है।

शब्दों की मर्यादा लांघ गया एबीवीपी छात्र नेता
एबीवीपी छात्र नेता संदीप वैष्णव शब्दों की मर्यादा लांघ गया। उसने जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति से जिस लहजे में बात की उस लहजे को देखकर बैठक कक्ष में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। जिस तरीके की गुंडागर्दी एबीवीपी छात्र नेता द्वारा की जा रही थी, उसे वहां मौजूद लोग अपने मोबाइल में भी रिकॉर्ड कर रहे थे लेकिन छात्र नेता संदीप वैष्णव को इसका कोई भी डर नहीं था।

बैठक की अनुमति नहीं मिलने से भड़क गए थे एबीवीपी छात्र नेता
एबीवीपी छात्र नेता एक बैठक जीवाजी यूनिवर्सिटी विधि संस्थान में बैठक आयोजित करना चाहते थे लेकिन इसके लिए उन्हें अनुमति नहीं मिली। जब उन्होंने कुलपति से मिलने का प्रयास किया तो एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया। इसी बात से एबीवीपी छात्र नेता आक्रोशित हो गए और कुलपति के साथ बदसलूकी पर उतर आए।

कुलपति ने नहीं लिया कोई भी एक्शन
छात्र नेता कुलपति को सरेआम धमकाते रहे लेकिन कुलपति प्रोफेसर अविनाश तिवारी इन धमकियों का विरोध भी नहीं कर सके। इतना ही नहीं छात्र नेताओं के जाने के बाद भी कुलपति ने उन पर कोई एक्शन नहीं लिया, बल्कि कुलपति ने कह दिया कि वे सभी परिवार का हिस्सा आक्रोश में आकर कुछ कह गए होंगे।

एनएसयूआई के प्रदर्शन पर आ जाती है तुरंत पुलिस
जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर अविनाश तिवारी सत्ता के दबाव में नजर आए। जब एनएसयूआई कोई प्रदर्शन करती है तो जीवाजी यूनिवर्सिटी में तुरंत पुलिस पहुंच जाती है और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करने लगती है लेकिन एबीवीपी के साथ ऐसा नहीं होता है। छात्र नेता ने कुलपति को सरेआम सभी के सामने धमकाया इसके बावजूद भी कुलपति एबीवीपी के लिए कोई भी कार्रवाई करने में पीछे हटते हुए नजर आए, ये कहीं ना कहीं बताता है कि कुलपति सत्ता के दबाव में है।












Click it and Unblock the Notifications