ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के द्वारा ₹1128 करोड़ की 7 एन एच परियोजनाओं का किया गया शिलान्यास
ग्वालियर में केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी के द्वारा किया गया 1128 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण, सिंधिया समेत नरेन्द्र तोमर रहे मौजूद
ग्वालियर, 15 सितम्बर। ग्वालियर में गुरुवार का दिन यादगार साबित हुआ। ग्वालियर में 1128 करोड़ रुपए की 7 एन एच परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा इन परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम किया गया। इस मौके पर मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं मध्य प्रदेश के अन्य मंत्री गण भी उपस्थित रहे।

खेल मैदान में आयोजित किया गया कार्यक्रम
ग्वालियर में ट्रिपल आईटीएम के सामने स्थित खेल मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परियोजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत अन्य अतिथियों ने परियोजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इससे पहले दिव्यांगों को ट्राईसाईकिल भी वितरित की गई।

केंद्रीय मंत्री ने रिमोट दबाकर किया 7 परियोजनाओं का शिलान्यास
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंच पर सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत अन्य अतिथियों के साथ मिलकर रिमोट का बटन दबाकर 7 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। परियोजना के शिलान्यास के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां भी बजाईं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से ग्वालियर के विकास को गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में की लॉजिस्टिक हब की मांग
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए सिंधिया घराने का गुणगान भी किया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर शहर को माधव महाराज प्रथम द्वारा बसाया गया था और ग्वालियर में पानी की व्यवस्था के लिए जो योजना बनाई गई थी वह भी माधव महाराज प्रथम द्वारा बनाई गई थी। इसके साथ ही सिंधिया ने शहर के विकास को लेकर जनता के सामने अपना पक्ष रखते हुए एलिवेटेड रोड के निर्माण के बाद शहर में होने वाली सुविधा और ट्रैफिक की समस्या का भी जिक्र किया। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्वालियर में लॉजिस्टिक हब बनाने की मांग भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने की मुरैना में ओवरब्रिज बनाने की मांग
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए ग्वालियर चंबल संभाग में होने वाले विकास कार्यों के बारे में बताया। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने अटल एक्सप्रेस वे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नेशनल हाईवे 552 की जर्जर हालत की तरफ भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का ध्यान आकर्षित करते हुए उसकी हालत सुधारने की मांग की। यह हाईवे मुरैना से राजस्थान के पाली जिले तक बना हुआ है। इसके साथ ही नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर से लखनऊ जाने वाले नेशनल हाईवे 719 को सिक्स लेन करने की भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मांग की है। इसके साथ ही नरेंद्र सिंह तोमर ने मुरैना में बैरियर चौराहे से लेकर रेलवे स्टेशन तक ओवर ब्रिज बनाने का आग्रह भी किया है।

सीएम ने की एक लाख सरकारी भर्तियां करने की घोषणा
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कमलनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने ग्वालियर के साथ बहुत अन्याय किया लेकिन इस अन्याय का हमने आज अंत किया है और ग्वालियर के लिए हजारों करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ग्वालियर में 50 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे जिससे यहां इलेक्ट्रिक वाहन सुविधाजनक तरीके से चल सकें। इतना ही नहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंच से घोषणा की है कि 1 साल के अंदर मध्य प्रदेश में एक लाख सरकारी नौकरियां निकाली जाएंगी।

अटल बिहारी वाजपेई की नितिन गडकरी ने की तारीफ
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को याद किया और उनकी जमकर तारीफ की। गडकरी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई ने उन्हें देश के सभी गांव को जोड़ने का जिम्मा दिया था और उन्होंने 3 महीने में ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बनाकर तैयार कर दी थी, अकेले अटल बिहारी वाजपेई ऐसे प्रधानमंत्री थे जिन्होंने देश के साढ़े तीन लाख गांव को इतनी मजबूती के साथ सड़कों के साथ जोड़ दिया था। इसके साथ ही उन्होंने ग्वालियर में शुरू की गई 1128 करो रुपए की सात परियोजना के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने आगरा से ग्वालियर तक ग्रीन फील्ड हाईवे बनाने की भी घोषणा की है। उन्होंने भिंड-इटावा नेशनल हाइवे 719 को फोरलेन बनाने की घोषणा की है।

विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत अन्य अतिथियों द्वारा मंच पर विभिन्न योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मंच पर विभिन्न योजना के हितग्राहियों को एक एक करके बुलाया गया और अतिथियों के हाथों उन्हें प्रमाण पत्र देकर विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।












Click it and Unblock the Notifications