गांधी जयंती पर ग्वालियर सेंट्रल जेल से रिहा किए गए 82 बंदी
ग्वालियर सेंट्रल जेल से गांधी जयंती के मौके पर 82 बंदी रिहा किए गए, जेल से रिहा होने वाले बंदियों के चेहरे पर दिखी खुशी
ग्वालियर, 2 अक्टूबर। ग्वालियर सेंट्रल जेल से रविवार को 82 बंदियों को रिहा किया गया है। गांधी जयंती के मौके पर बंदियों को यह रिहाई दी गई है। रिहाई मिलने पर बंदियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। सरकार की नई नीति के तहत गांधी जयंती के दिन बंदियों को छोड़ने की कवायद रविवार से शुरू हो गई है।

राज्य सरकार को भेजा गया था 95 बंदियों का प्रस्ताव
ग्वालियर सेंट्रल जेल प्रबंधन द्वारा राज्य सरकार को 95 बंदियों का प्रस्ताव भेजा गया था। 2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन 95 बंदियों की रिहाई के लिए राज्य सरकार से अनुमति चाही गई थी लेकिन राज्य सरकार की तरफ से 82 बंदियों को रिहा करने की अनुमति मिली। जिसके बाद 82 बंदियों को रविवार के दिन रिहा किया गया।

रिहाई से पहले की गई सभी औपचारिकताएं पूरी
82 बंदियों की रिहाई के पहले ग्वालियर सेंट्रल जेल के प्रबंधन द्वारा सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद एक-एक करके रिहा होने वाले बंदियों को जेल के बाहर लाया गया। सभी बंदियों को माला पहनाई गई। जेल के बाहर रिहा होने वाले बंदियों के परिजन उनका बेसब्री से इंतजार करते हुए नजर आए।

15 अगस्त के दिन हुई थी 45 बंदियों की रिहाई
स्वतंत्रता दिवस के दिन भी सेंट्रल जेल से 45 बंदियों की रिहाई की गई थी जिसमें से 33 बंदी ऐसे थे जिन्हें आजीवन कारावास की सजा हुई थी जबकि 12 बंदी छोटे मामलों में सजा काट रहे थे। इन बंदियों को 15 अगस्त को रिहा किया गया था।

अब साल में 4 बार हुआ करेगी बंदियों की रिहाई
ग्वालियर सेंट्रल जेल समेत पूरे प्रदेश में अब साल में 4 बार बंदियों की रिहाई हुआ करेगी। 15 अगस्त और 26 जनवरी के अलावा गांधी जयंती और अंबेडकर जयंती के दिन भी जेल में बंद बंदियों को रिहा करने की कवायद की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications