ग्वालियर जिला प्रशासन चुनावों में करने जा रहा है अनोखा प्रयोग
ग्वालियर प्रशासन द्वारा इस बार के पंचायत और निकाय चुनाव में अनोखा प्रयोग करते हुए एनसीसी और एनएसएस स्टूडेंट्स को बनाया जाएगा विशेष पुलिस अधिकारी
ग्वालियर, 22 जून। ग्वालियर में होने जा रहे पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में जिला प्रशासन द्वारा एक अनोखा प्रयोग किया जा रहा है। इस बार के चुनाव में जिला प्रशासन द्वारा एनसीसी और एनएसएस के 437 स्टूडेंट्स को विशेष पुलिस अधिकारी बनाया जाएगा। इसके लिए सभी स्टूडेंट को बाकायदा ट्रेनिंग भी दे दी गई है।

ग्वालियर जिला प्रशासन इस बार के पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में पहली बार यह अनोखा प्रयोग करने जा रहा है। इस प्रयोग से इस बार के चुनावों में पुलिस और प्रशासन को स्टाफ की कमी दिखाई नहीं देगी। हर बार होने वाले चुनाव में स्टाफ की कमी से प्रशासनिक अधिकारियों को परेशान होना पड़ता था लेकिन इस बार इस कमी को एनसीसी और एनएसएस के स्टूडेंट पूरा कर देंगे।

पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में विशेष पुलिस अधिकारी बनाए जाने के लिए 437 एनसीसी और एनएसएस के स्टूडेंट को चयनित कर लिया गया है। इन सभी स्टूडेंट्स को जीवाजी यूनिवर्सिटी के अटल सभागार में बुधवार के दिन विशेष ट्रेनिंग भी दी गई और उन्हें बताया गया कि चुनाव वाले दिन किस तरह से उन्हें अपनी ड्यूटी करनी है।
मतदान केंद्र पर करेंगे मतदाताओं की मदद
ट्रेनिंग में सभी स्टूडेंट्स को यह बताया गया है कि वे मतदान केंद्र पर आने वाली गर्भवती महिलाओं के साथ ही दिव्यांगों और बीमार मतदाताओं की मदद करते हुए उनसे मतदान करवाएंगे। इसके साथ ही साथ अगर बारिश हो जाती है तो सभी को सुरक्षित स्थान पर बैठाएंगे। इतना ही नहीं अगर मतदान केंद्र पर संदेही दिखाई देते हैं तो तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को भी देंगे।
ड्यूटी के बाद इन स्टूडेंट्स को दिया जाएगा प्रमाण पत्र और सम्मान
चुनाव ड्यूटी के बाद विशेष पुलिस अधिकारी बने सभी एनसीसी और एनएसएस के स्टूडेंट को एक प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। इसके अलावा अच्छा काम करने वाले स्टूडेंट को अधिकारियों द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।
अब तक कोटवार और चौकीदार को बनाया जाता था विशेष पुलिस अधिकारी
अब तक जितने भी चुनाव हुए हैं उन चुनावों में कोटवार और चौकीदारों को विशेष पुलिस अधिकारी बनाया जाता था लेकिन इस बार पढ़े-लिखे स्टूडेंट्स को विशेष पुलिस अधिकारी बनाया जा रहा है। इससे न केवल मतदान केंद्र पर काफी सहयोग मिलेगा बल्कि अपनी सूझबूझ से यह विशेष पुलिस अधिकारी मतदान केंद्र को शांत और सुरक्षित बनाए रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications