Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस ने किया 'गमला चोर' को गिरफ्तार, फूलों के साथ लग्जरी गाड़ी भी जब्त
गुरुग्राम NH-48 पर सजावट के लिए रखे गए फूलों के गमलों को चोरी करने वाले आरोपी मनमोहन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही चोरी किए गमले व चोरी में प्रयोग गाड़ी बरामद की जा चुकी है।

Gurugram News: गुरुग्राम में फूलों के गमले चोरी करने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 50 वर्षीय मनमोहन नाम के व्यक्ति से एक कार और चोरी के गमले जब्त किए हैं। गुरुग्राम में NH-48 पर सजावट के लिए फूलों के गमलों को रखा गया था। यहां होने वाले जी-20 सम्मेलन को लेकर शहर में सजावट की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस क्रम में मेहमानों के स्वागत के लिए सुंदर फूल वाले पौधे लगाकर शहर की मुख्य सड़कों को सजाया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने चोरी करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
लोगों ने यूट्यूबर एल्विश यादव पर लगा दिया था चोरी का आरोप
दरअसल, गुरुग्राम में गमलों की चोरी का वीडियो वायरल होते ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका था। इस बीच कई लोगों ने चोरी का आरोप यूट्यूबर एल्विश यादव (Elvish Yadav) पर लगा दिया था। लोगों ने आरोप लगाया कि जिस गाड़ी में गमलों को रखा गया वो एल्विश की है। चोरी का संगीन आरोप लगते ही एल्विश ने भी अपना बयान जारी कर कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने लिखा, 'यह मेरा वाहन नहीं है। मैं सभी से विनम्र निवेदन करता हूं कि मेरे बारे में कोई भी गलत जानकारी न फैलाएं। मैं उन लोगों पर मुकदमा कर रहा हूं जो मेरे बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं।' हालांकि, अब असली चोर की गिरफ्तारी होने के बाद स्पष्ट हो गया है कि एल्विश पर लगाए गए सभी और पूरी तरह से निराधार थे।
1 से 4 मार्च के बीच गुरुग्राम में होगा वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श
दरअसल, भारत 1 दिसंबर 2022 से 30 नवंबर 2023 तक G20 की अध्यक्षता कर रहा है। ऐसे में समिट को लेकर अधिकारियों ने बताया कि जी20 देशों के प्रतिनिधि 1 और 2 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी में और 1 से 4 मार्च के बीच गुरुग्राम में वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, फ्रांस की कैथरीन कोलोना, चीनी विदेश मंत्री किन गैंग, जर्मनी की एनालेना बेयरबॉक और ब्रिटिश विदेश सचिव जेम्स क्लेवरली दिल्ली में बैठक में भाग लेने वालों में शामिल हैं। मामले से परिचित लोगों ने कहा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर के बुधवार को रूस और चीन के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की एक श्रृंखला आयोजित करने की संभावना है।
39 देशों के लगभग 100 विदेशी प्रतिनिधि पहुंचे गुरुग्राम
इस बीच गुरुग्राम में 1 से 4 मार्च तक भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह की जी20 बैठक में भाग लेने वाले 39 देशों के लगभग 100 विदेशी प्रतिनिधि मंगलवार को शहर पहुंचे और कला और संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने हरियाणवी लोक नृत्य के साथ उनका स्वागत किया। गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) निशांत कुमार यादव ने बताया कि, 'लगभग 100 प्रतिनिधि बुधवार और शुक्रवार के बीच अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी तंत्र को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा का हिस्सा होंगे।'












Click it and Unblock the Notifications