VIDEO: कभी शेरनियों को तैरते देखा है? गुजरात में 3 शेरनी एक साथ नदी पार करते कैप्चर हुईं
गीर सोमनाथ। क्या आपने कभी शेरों को नदी पार करते हुए देखा है? यदि नहीं तो आज देख लीजिए यहां। गुजरात में इन दिनों हो रही भारी बारिश की वजह से नदी-नाले पानी से लबालब हो गए हैं। ऐसे में कई जंगली इलाकों में भी निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। रावल नदी के तटीय क्षेत्र में रह रहीं शेरनियां ऐसी दिक्कत से जूझीं तो नदी पार करने लगीं। तीन शेरनियां एक साथ नदी में उतरीं। साथ-साथ तैरते हुए उन्होंने नदी के दूसरे छोर को छुआ। उसके बाद किनारे पर चढ़कर पीछे की ओर मुड़कर देखा।
Recommended Video

तीन शेरनियों ने तैरकर पार की नदी
इस घटना को वनविभाग के एक कर्मचारी ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। जिसका वीडियो अब सोशल साइट्स पर वायरल हो गया है। संवाददाता से बातचीत में वनविभाग के एक रिटायर्ड अधिकारी डॉ. अंशुमान शर्मा ने कहा- ''आमतौर पर यही कहा जाता है कि शेरों को पानी से डर लगता है और वे नदी में नहीं उतरते। मगर, बड़े जंगल में रहने वाले शेर-शेरनियों के बारे में सचाई यह है कि वे दौड़ने, कूदने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर तैर भी सकते हैं।''

पानी में शेरों की ताकत कम हो जाती है
अंशुमान बोले कि, ''यह वीडियो एक बीट गार्ड द्वारा रिकॉर्ड किया गया। इस दृश्य के बाद लोगों को समझ आ जाएगा कि, शेर पानी से नहीं डरते। हालांकि, इस बात में दम है कि जब शेर या शेरनी पानी में होते हैं तो उनकी ताकत काफी कम हो जाती है। और, ऐसी स्थिति में उन पर मगरमच्छ या हिप्पो हमला कर दे तो शेर के लिए घातक साबित हो सकता है।'
अकेली शेरनी को लगता है डर
वीडियो में आप देख सकते हैं कि, तीनों शेरनियां साथ में तैरती हैं, ताकि कोई खतरा होने पर एकसाथ मुकाबला कर सकें। पानी में अकेली शेरनी को डर लगता है। ऐसे में वे झुंड में रहना पसंद करती हैं। जबकि, शेर अक्सर अकेले ही शिकार करते हैं।

शेरों से ज्यादा है इनकी संख्या
गुजरात में शेरनियों की संख्या शेरों से ज्यादा है। यह खुलासा गुजरात के वन विभाग द्वारा किए गए सर्वे से हुआ। जिसके ताजा आंकलन में बताया गया कि, गीर के वन क्षेत्र में अब शेरों से ज्यादा शेरनियां हैं। यहां बीते 30 साल में शेरों की संख्या ढाई तक गुना बढ़ी। जिनमें अब कुल 674 सिंहों में 161 नर हैं, जबकि 260 मादा हैं। अल्प व्यस्क शेरों की संख्या 94 है, जिनमें 45 नर और 49 मादा हैं। वहीं, शावकों की संख्या 137 है और अचिन्हित लिंग वाले 22 शेर हैं।
गुजरात के शेरों से जुड़ी यह खबरें भी आपको पसंद आएंगी, पढ़िए:-












Click it and Unblock the Notifications