व्हाली दीकरी योजना: गुजरात सरकार की पहल से सुरक्षित हो रहा है बेटियों का भविष्य
गुजरात में महिलाओं के कल्याण और उनके उज्जवल भविष्य के लिए राज्य सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं के बेहतरीन संचालन के लिए हर तरह की कोशिशें जारी हैं। लेकिन, फिर भी प्रदेश में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या बहुत कम है। यानि प्रति एक हजार पुरुषों पर महिलाओं की संख्या पिछली जनगणना के मुताबिक बहुत ही कम या सिर्फ 918 है। इसके चलते राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं की संख्या बढ़ाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में एक महत्वाकांक्षी योजना चलाई जा रही है- 'व्हाली दीकरी' योजना।

गुजरात की 'व्हाली दीकरी' योजना
गुजरात में महिलाओं के कल्याण के लिए चल रही 'व्हाली दीकरी' योजना, बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस योजना के तहत बालिका के जन्म के साथ ही उसके भविष्य को सुरक्षित करने वाला एक वित्तीय कोष तय कर दिया जाता है। यह योजना राज्य सरकार द्वारा लागू की गई है, जिसके तहत जीवन बीमा निगम (एलआईसी) बेटियों को तीन अलग-अलग चरणों में एक लाख दस हजार (1.10 लाख) रुपए की राशि देती है। इस सहायता की मदद से माता-पिता को अपनी बेटी की शिक्षा और पालन-पोषण का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ता है, क्योंकि सरकार उनके साथ खड़ी होती है।
बनासकांठा की जमनाबेन ने राज्य सरकार की 'व्हाली दीकरी' योजना के बारे में कहा,
पहले बेटी को बोझ समझा जाता था, लेकिन इस योजना से बेटी पिता पर आर्थिक बोझ नहीं बनती और लोगों ने बेटी के जन्म की खुशी को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया है
तीन चरणों में बेटियों को आर्थिक सहायता
यह योजना गुजरात महिला एवं बाल कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही है। इस योजना के तहत परिवार की पहली तीन बेटियों को इस सहायता राशि का भुगतान किया जाता है। इस योजना के अनुसार एक बच्ची को पहली कक्षा में पढ़ाई के लिए प्रवेश मिलने पर 4,000 रुपए की सहायता राशि दी जाती है। इसके बाद जब वह नौवीं कक्षा में प्रवेश लेती है तो उस बेटी को 6,000 रुपए का भत्ता दिया जाता है। अंत में जब वह बेटी 18 साल की या वयस्क हो जाती है, तो एक लाख रुपए का अनुदान दिया जाता है। इस प्रकार अलग-अलग तीन चरणों में बालिकाओं को आवश्यक राशि देने का मुख्य उद्देश्य यह है कि बेटी माता-पिता के लिए आर्थिक बोझ न बने और उसकी जन्म दर में वृद्धि हो और उसका सामाजिक एवं शैक्षिक रूप से उत्थान हो।
महिलाओं का भविष्य संवारने की पहल
राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल महिलाओं और लड़कियों के उत्थान और समग्र विकास के प्रति बहुत ही प्रतिबद्ध हैं। राज्य सरकार ने 'व्हाली दीकरी' योजना के लिए 2022-23 के बजट में 80 करोड़ रुपए की रकम आवंटित कर रखी है। गुजरात सरकार की यह योजना भविष्य में महिलाओं की संख्या बढ़ाने, उन्हें शिक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण निभा रही है।












Click it and Unblock the Notifications