गुजरात: 900 करोड़ की जमीन के इकलौते मालिक महंत को भूमाफियाओं ने किया अगवा
अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद शहर के धुमा कबीर मंदिर के महंत कृपाचरण के अपहरण की घटना सामने आई है। महंत कृपाचरण 35 बीघा जमीन के मालिक हैं और इस जमीन की मार्केट वैल्यू 900 करोड़ रुपए है। कल शाम दो लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया। हालांकि, शहर में पुलिस की नाकेबंदी होने पर अपहरणकर्ता घबरा गए और महंत को बीच रास्ते ही छोड़कर फरार हो गए। सकुशल बचे महंत ने फिर घटना के बारे में बताया। महंत कृपाचारण बोले कि, मैं शाम करीब साढ़े 6 बजे आश्रम में मंदिर के पास अकेले ही बैठा था, तभी अनजान लोगों ने मुझे उठा लिया।'

संवाददाता ने बताया कि, कृपाचरण अरबों रुपए की जमीन के इकलौते मालिक हैं और इसके चलते उनकी जमीन पर भू-माफियाओं की नजर है। महंत कृपाचारण के मुताबिक, दो अनजान लोग बोलेरे से आए थे और करीब आकर कहा कि वे बिहार पुलिस की टीम से हैं। उनसे कुछ पूछताछ करनी है और यह कहकर मुझे साथ ले गए। हालांकि, इसी दौरान मंदिर के बगल में रहने वाले तुलसी पटेल की जाते समय उन पर नजर पड़ गई तो उन्होंने तुरंत ही पुलिस थाने सूचना दे दी। फिर महंत के अचानक इस तरह बोलेरे में जाने की बात पर पुलिस को भी अनहोनी का शक हुआ और पूरे शहर में बोलेरे को पकड़ने नाकेबंदी कर दी गई।
कृपाचरण ने बताया कि, दोनों लोग मुझे जगह-जगह घुमाते रहे। लेकिन हर जगह नाकेबंदी देखकर बाद में एक सुनसान जगह छोड़कर फरार हो गए।'' बहरहाल, महंत की निशानदेही पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि, महंत की जमीन पॉश एरिया से सटी हुई है। ऐसे में उसकी मार्केट वैल्यू बहुत ज्यादा है। यह करीब 900 करोड़ रुपए की है। अपहरण की घटना से पहले भी जमीन के डुप्लीकेट कागजात बनवाकर और महंत को डरा-धमकाकर जमीन हड़पने की दो बार कोशिशें हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications