गुजरात: सड़क पर मिलीं 10-12वीं कक्षा की 1 हजार से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाएं, CM ने दिए कार्रवाई के निर्देश
राजकोट. यहां गुजरात शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर के विरपुर के रवि होटल के पास और शीतला माता के मंदिर के पास से कक्षा 10-12वीं बोर्ड परीक्षा की 1000 से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाएं खुले में पड़ी पाई गईं। जिनका वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो रहा है। मामले की अहमियत को ध्यान में रखते हुए गांधीनगर से बोर्ड सचिव व डीईओ वहां पहुंचे। बाद में मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री का भी बयान आया। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई के आदेश दिए।
संवाददाता के अनुसार, बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षाएं मंगलवार को समाप्त होने के बाद इन उत्तर पुस्तिकाओं के 100 बंडल महेसाणा से रवाना किए गए थे। चार कर्मचारी व एक वाहन चालक विशेष मिनी बस से रात को विरपुर व केशोद के मूल्यांकन केन्द्र पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचाने निकले थे। मध्यरात्रि बाद करीब 3 बजे विरपुर पहुंचने के बाद मूल्यांकन केन्द्र पर उत्तर पुस्तिकाएं सौंपने के बजाय सीधे ही केशोद रवाना हो गए।

इसी दौरान विरपुर समीप स्थित राजमार्ग पर उत्तर पुस्तिकाओं के 3 बंडल व 16 उत्तर पुस्तिकाएं गिर गईं। हालांकि, किसी व्यक्ति ने उन्हें देखकर इस बारे में समीप के विद्यालय व डीईओ कार्यालय को सूचित किया। साथ ही इस उत्तर पुस्तिकाओं के वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिए। सोशल मीडिया में यह वीडियो वायरल होने पर मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री तक मामला पहुंच गया। डीईओ आर. एस. उपाध्याय समेत बोर्ड सचिव बी.आर. चौधरी भी गांधीनगर से मौके पर पहुंचे और बोर्ड के चेयरमैन को रिपोर्ट भेजी।

डीईओ आर.एस. उपाध्याय के अनुसार, बोर्ड की ओर से पाला केन्द्र से रवाना की गई विशेष मिनी बस में 400-400 उत्तर पुस्तिकाओं के 100 बंडल थे। जिनमें से 96 बंडल सुरक्षित तौर पर मिनी बस में है। जबकि 400-400 उत्तर पुस्तिकाओं के 3 बंडल व 16 खुली उत्तर पुस्तिकाएं विरपुर राजमार्ग पर लावारिस हालत में मिलीं। इनको कब्जे में लेकर विरपुर के मूल्यांकन केन्द्र पर पहुंचाया गया है। उनके अनुसार, इस प्रकरण की जांच के आदेश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications