गुजरात में 119 दिन बाद कोरोना से एक भी मौत नहीं, लगातार 10वें दिन 100 से कम नए मरीज मिले
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में कोरोना से हजारों लोगों की जानें गईं। अब तक लाखों मरीज मिले। मगर, 119 दिन बाद यहां राहत की बड़ी खबर आई। खबर यह कि, बीते 24 घंटों के दरम्यान कोरोना से प्रदेश में एक भी मौत दर्ज नहीं हुई। वहीं, नए कोरोना मरीज मिलने की दर भी काफी कम हो गई है। दूसरी लहर में यहां लगातार 10वें दिन एक दिन में 100 से कम नए मरीज पाए गए हैं।

अब सिर्फ अहमदाबाद-सूरत में डबल डिजिट
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि, गुजरात में बीते दिन महज 65 नए कोरोना मरीज ही मिले। जिसमें से सूरत में बीते रोज 11 नए कोरोना मरीजों का पता चला। हालांकि, मंगलवार को यहां भी केस सिंगल डिजिट में थे। राज्य में बीते 28 जून को 96, 29 जून को 93, 30 जून को 90, 1 जुलाई को 84, 2 जुलाई को 80, 3 जुलाई को 76, 4 जुलाई को 70, 5 जुलाई को 62 और 6 जुलाई को 69 कोरोना मरीज मिले थे। वहीं, रिकवरी रेट भी 98.51 पर्सेंट हो गई है।

15 जिलों में कोरोना के मामले जीरो रह गए
गुजरात के 15 जिलों और भावनगर, गांधीनगर महानगर पालिकाओं में कोरोना के मामले अब जीरो हो गए हैं। इसके अलावा जहां तक कोरोना से मौतें होने की बात की जाए तो अब से पहले 11 मार्च का दिन ऐसा था, जब कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई थी। बहरहाल, प्रदेश में मात्र अहमदाबाद और सूरत में डबल डिजिट में नए मरीज मिले हैं, जबकि 289 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। साथ ही प्रदेश में अब 1969 सक्रिय मरीज रह गए हैं। जिनमें से 10 वेंटिलेटर पर हैं।

सरकारी आंकड़ा- 10,072 मौतें हुईं
सरकार का दावा है कि, गुजरात में अब तक कोरोना के 8,24,029 मामले सामने आए हैं। जिनमें से 10,072 लोगों की जान चली गई और 8,11,988 ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। इसके अलावा राज्य में अब तक लोगों को 2,73,31,870 वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications