गुजरात: ढाई महीने बाद पहली बार 1415 से कम कोरोना मरीज मिले, लगातार 29वें दिन ठीक होने वालों की संख्या ज्यादा
अहमदाबाद। गुजरात सरकार का कहना है कि, प्रदेश में पिछले एक माह से कोरोना के मामले लगातार घट रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट में बताया गया कि, ढाई माह बाद पहली बार 1415 से कम नए कोरोना मरीज मिले हैं। इससे पहले 19 मार्च को इतने मरीज पाए गए थे। वहीं, कोरोना को मात देने वालों की संख्या नए मिल रहे मरीजों की तुलना में अब काफी ज्यादा है। पिछले 24 घंटों में जहां 1333 नए मामले दर्ज हुए। वहीं, लगातार दूसरे दिन 4098 मरीज ठीक होने पर डिस्चार्ज हुए।

रिकवरी रेट बढ़कर 95.55 पर्सेंट हुआ
राज्य सरकार के आंकड़ों में बताया गया कि, लगातार 29वें दिन नए मरीजों से ठीक होने वालों की संख्या अधिक है। इसके अलावा प्रदेश का रिकवरी रेट सुधर कर 95.55 पर्सेंट हो गया है। बीते रोज मौतें भी कम दर्ज की गईं। अधिकारियों ने बताया कि, राज्यभर में 18 मरीजों की ही मौत हुई। इससे पहले 31 मई को 18 मौतें हुई थीं। हालांकि, राज्य के अहमदाबाद, सूरत और वडोदरा शहरों में नए मामले ट्रिपल डिजिट में दर्ज हुए हैं। यदि सरकार के बताए गए इन आंकड़ों पर भरोसा किया जाए तो यह बहुत ही अच्छी खबर है। क्योंकि, दो-ढाई महीने पहले कोरोना के नए मामले प्रतिदिन 14000 से ऊपर पहुंच गए थे। अब रोजाना 1600 से भी कम मरीज मिल रहे हैं।

4 जून से गुजरातियों को मिलेंगी ये छूट
कोरोना के नए मरीजों की संख्या लगातार घटने की बात कहते हुए राज्य सरकार ने लोगों को कोविड वाली पाबंदियों से छूट देना शुरू कर दिया है। अब हेयर सैलून समेत सभी व्यापार-धंधों को सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खोलने की छूट दे दी गई है। प्रदेश के 36 शहरों में सभी दुकानों, व्यापारिक संस्थाओं, ठेला, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, हेयर कटिंग सैलून, ब्यूटी पार्लर, मार्केटिंग यार्ड और अन्य व्यापारिक गतिविधियों को 4 जून से सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खोलने की छूट देने का महत्वपूर्ण निर्णय मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने लिया है।

नाइट कर्फ्यू में अभी कोई ढील नहीं?
एक अधिकारी ने कहा कि, गुजरात के 36 शहरों में नाइट कर्फ्यू रात 9 से सुबह 6 बजे तक है। मुख्यमंत्री ने इसकी अवधि एक सप्ताह तक बढ़ाने क घोषणा की है। यानी, उन्होंने अभी नाइट कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी है। हालांकि, रेस्टोरेंट रात 10 तक होम डिलीवरी कर सकेंगे। बाद में 36 शहरों में 4 से 11 जून तक नाइट कर्फ्यू पर अमल हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि, सरकार कोरोना के केस घटते ही धीरे-धीरे प्रतिबंध हटा रही है। मुख्यमंत्री ने कोर कमेटी की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications