बीजेपी की तारीफ के बाद बोले हार्दिक- मैं कांग्रेस नहीं छोड़ रहा, राहुल गांधी से कोई नाराजगी नहीं
। मेरी नाराज़गी राहुल
अहमदाबाद, 22 अप्रैल:गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने कहा है कि वो पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं और ना ही किसी दूसरे राजनीतिक दल मे शामिल होने जा रहे हैं। शुक्रवार को भाजपा की तारीफ करने और कांग्रेस आलाकमान को निशाने पर लेने के कुछ घंटे बाद हार्दिक का ये बयान आया है। उन्होंने कहा कि मेरी नाराजगी राहुल गांधी से नहीं है ना ही मैं पार्टी छोड़कर कहीं जा रहा हूं। मेरी शिकायत ये है कि प्रदेश नेतृत्व और प्रभारी मेरे जैसे पार्टी के हजारों वफादार कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे कांग्रेस और गुजरात के भविष्य का नुकसान हो रहा है।

हार्दिक पटेल ने शुक्रवार को कांग्रेस आलाकमान पर खुद को दरकिनार करने का आरोप लगाते हुए भाजपा के कामकाज करने के स्टाइल की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि बीजेपी में कुछ अच्छी बाते हैं, जिसे हमें स्वीकार करना चाहिए। बीजेपी ने हाल ही में कुछ राजनीतिक फैसले लिए हैं, हमें यह स्वीकारना होगा कि उन्हें ऐसे कदम उठाने की ताकत है। हम कम से कम इस सच्चाई को स्वीकार कर सकते हैं। अगर कांग्रेस गुजरात में मजबूत बनना चाहती है तो हमें निर्णय लेने के कौशल को बेहतर करना होगा और फैसले लेने की ताकत भी दिखानी होगी।
हार्दिक लगातार ही कांग्रेस आलाकमान से नाराजगी जता रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि कांग्रेस में वो ऐसा महसूस कर रहे हैं, जैसे किसी दूल्हे की नसबंदी करा दी गई हो। बता दें कि 2019 के पहले कांग्रेस ज्वाइन करने वाले हार्दिक बीते कुछ समय से ऐसे बयान दे रहे हैं, जिससे लग रहा है कि वो कांग्रेस छोड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications