Gujarat: भरूच में जहरीली गैस की चपेट में आने 4 लोगों की मौत, अब कंपनी देगी 30 लाख का मुआवजा
Gujarat News: गुजरात के भरूच जिले के दहेज में स्थित एक केमिकल प्लांट में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। इस हादसे की जानकारी पुलिस ने रविवार को दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स लिमिटेड (जीएफएल) संयंत्र में हुई।
इस हादसे के बाद चारों कर्मचारियों को भरूच के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां तीन कर्मचारियों की रविवार तड़के करीब तीन बजे मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने सुबह छह बजे दम तोड़ दिया। इस हादसे पर कंपनी ने दुख जताया। साथ ही, कंपनी ने प्रत्येक पीड़ित के परिजनों को 30 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

पीटीआई की खबर के मुताबिक, दहेज पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर बीएम पाटीदार ने बताया कि शनिवार रात गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स लिमिटेड (जीएफएल) की एक उत्पादन इकाई में पाइप से जहरीला धुआं लीक होने से कंपनी का एक कर्मचारी और तीन संविदाकर्मी बेहोश हो गए। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया।
लेकिन, दुर्भाग्य से उनकी मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच जारी है। मृतकों की पहचान भरूच के राजेश कुमार मगनदिया (48), झारखंड के अधौरा के मुद्रिका यादव (29), और सुचित प्रसाद (39) और महेश नंदलाल (25) के रूप में की गई है, दोनों उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के रहने वाले थे।
वहीं, जीएफएल ने प्रेस रिलीज में बताया कि गैस रिसाव का पता रात 8 बजे के आसपास चला और उनकी टीम ने तुरंत इस पर काबू पा लिया। "हालांकि, हवा की दिशा में रहने वाले (चार) लोगों को स्वास्थ्य संबंधी प्रतिकूल प्रभाव का सामना करना पड़ा और उन्हें हमारे ऑनसाइट व्यावसायिक स्वास्थ्य केंद्र में तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।
ये भी पढ़ें: गुजरात पुलिस का आप नेताओं पर फर्जी ED छापे के मास्टरमाइंड से संबंध का दावा, पार्टी ने किया प्रदर्शन
बयान में आगे कहा गया कि भरूच अस्पताल में रेफर किए जाने के बावजूद, उन्हें बचाने के सभी प्रयास असफल रहे। कंपनी ने मृतक श्रमिकों के परिवारों के लिए वैधानिक बकाया, बीमा लाभ और लंबित वेतन का पूरा भुगतान करने का आश्वासन दिया। जीएफएल ने एक मृतक कर्मचारी के बच्चे को नौकरी देने का भी वादा किया है।
साथ ही, इंजीनियरिंग की पढ़ाई सहित उसकी शिक्षा का खर्च भी उठाएगा। भरूच की उप-मंडल मजिस्ट्रेट मनीषा मनानी ने बताया कि मरने वालों में तीन लोग दूसरे राज्यों के थे। उन्होंने बताया, "अंबेटा गांव के पास जीएफएल प्लांट में गैस रिसाव के कारण चार लोगों की मौत हो गई।" शवों को फिलहाल भरूच सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है और जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: गुजरात में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर हमला करने के आरोप में कांग्रेस विधायक समेत 21 गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications