कोरोना के मामलों में गुजरात अब 11वें नंबर पर, 22 दिन बाद सरकार ने लॉकडाउन से आंशिक राहत दी
अहमदाबाद। गुजरात में कोरोना के नए मरीज मिलने की संख्या में कुछ कमी आई है। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, अब तक यहां कोरोना के 7,76,220 मामले दर्ज हुए हैं। जिनमें से 9404 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 6,77,798 लोग संक्रमण से मुक्त हुए हैं। बहरहाल, देश में सर्वाधिक कोविड केसेस वाले राज्यों में गुजरात 11वें नंबर पर है। इससे उूपर 6 राज्य ऐसे हैं, जहां 10 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।
22 दिन बाद गुजरात आंशिक अनलॉक
प्रदेश में कोरोना के मामलों में कुछ गिरावट होने पर राज्य सरकार ने 22 दिन बाद आंशिक अनलॉक किया। अब प्रदेश में सुबह 9 बजे से दोपहर तीन बजे तक दुकानें खोली जा सकेंगी। एक अधिकारी ने कहा कि, कोरोना संक्रमण के कारण राज्य में चल रहे मिनी लॉकडाउन में शुक्रवार से सरकार ने आंशिक छूट देने का फैसला किया है। जिसके अनुसार, आज से छोटे दुकानदारों को राहत प्रदान की जा रही है। हालांकि, अभी सूरत समेत 36 शहरों में नाइट कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी गई है। इनमें कर्फ्यू पहले की तरह रात 8 बजे से सुबह 6 तक रहेगा।

ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी
राज्य सरकार के निर्णय के बारे में बताते हुए एक अधिकारी ने कहा कि, 27 मई के बाद फिर कोरोना महामारी की स्थिति को देखकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से नए कोरोना मरीज मिलने की संख्या में कमी आई है। वहीं, ठीक होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। इसी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने छूट देने का निर्णय लिया है। उधर, एक अन्य रिपोर्ट में सामने आया है कि, गुजरात में कोरोना के टेस्ट में कमी की गई है, अब एक दिन में 90 हजार टेस्ट ही किए जा रहे हैं। पहले यह संख्या 1 लाख टेस्ट प्रतिदिन से भी ज्यादा थी।
यह बोले थे सीएम विजय रूपाणी
गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने बीते रोज कहा था कि, अब शुक्रवार से 28 मई तक 36 शहरों में रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। इस दौरान सभी आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications