जूनागढ़ में आजादी के बाद सबसे बड़ी परियोजना, 18 महीने में बनेगा 2460 फीट लंबा रिवरफ्रंट
जूनागढ़। गुजरात में जूनागढ़ जिले के माणावदर में खारो नदी पर 750 मीटर लंबा रिवरफ्रंट बनेगा। यहां यह आजादी के बाद सबसे बड़ी परियोजना बताई जा रही है। जिसके तहत 20 करोड़ रुपए के खर्च से महज 18 महीनों में कार्य पूरा करना होगा। नदी को और गहरा किया जाएगा। परियोजना के तहत एम्फीथिएटर, वाक-वे भी बनेंगे। प्रदेश के पर्यटन मंत्री जवाहर चावड़ा ने इस परियोजना का शिलान्यास किया है। चावड़ा ने कहा कि, अहमदाबाद के बाद माणावदर में भी रिवरफ्रंट की कल्पना करना मुश्किल था, लेकिन शिलान्यस के साथ ही यह हकीकत बन गई।

पर्यटन मंत्री ने दावा किया कि, 20 करोड़ रुपए के खर्च से 18 महीनों में ही यह रिवरफ्रंट बनाया जाएगा। मंत्री बोले- ''माणावदर में रिवरफ्रंट के साथ एम्फीथियेटर, वॉक-वे, 5 प्रवेश द्वार जैसे काम भी होंगे। साथ ही नदी को गहरी करने के अलावा नदी किनारे रहने वाले लोगों को अन्य स्थान पर मकान दिलाने की व्यवस्था भी की जा रही हैं। चावड़ा ने कहा कि, माणावदर-वंथली सहित अन्य क्षेत्रों में राज्य सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपए के खर्च से विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।' उन्होंने कहा- ''हमारी सरकार के आंख-कान खुले हैं, इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।'
रिवरफ्रंट परियोजना के शिलान्यास के दौरान जूनागढ़ के महापौर धीरूभाई गोहिल, हरसुखभाई गराला, केशोद के विधायक देवाभाई मालम, माणावदर नगरपालिका की अध्यक्षा पुष्पाबेन गोर के अलावा वरजांग झाला, नारणभाई सोलंकी, गोविंदभाई सवसाणी, जयेन्द्रभाई कुराणी, पूजाबेन राडा आदि मौजूद रहे। अजीत जोशी ने रिवरफ्रंट परियोजना की जानकारी दी। वहीं, परियोजना के बारे में प्रेमजीभाई मणवर ने कहा कि, इस परियोजना से लोगों को बहुत फायदा होगा। सैर करने के लिए यह अच्छी जगह होगी।












Click it and Unblock the Notifications