Gujarat Election: डोनेशन हासिल करने के मामले में गुजरात में BJP नंबर-1, दूसरे दलों को भूले उद्योगपति
Gujarat Election: गुजरात में भारतीय जनता पार्टी पिछले 27 साल से सत्ता में है और एक बार फिर से पार्टी अपने शासन को बरकरार रखना चाहती है। इसके लिए पार्टी के सबसे लोकप्रिय चेहरे चुनाव अभियान में जोर-शोर से जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह का तो गुजरात गृह राज्य है, इस लिहाज से गुजरात भाजपा के लिए और भी अहम है। यही वजह है कि भाजपा प्रदेश में चुनाव प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। पार्टी के तमाम शीर्ष नेता अपनी ताकत गुजरात में झोंक रहे हैं। असोसिएशन फॉर डेमोक्रैटिक रिफॉर्म्स की ओर से जो आंकड़े जारी किए गए हैं उसके अनुसार सबसे अधिक राजनीतिक चंदा भारतीय जनता पार्टी को ही मिला है।

94 फीसदी इलेक्टोरल बॉन्ड भाजपा को मिला
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले पांच साल में कुल 174 करोड़ रुपए के इलेक्टोरल बॉन्ड दिए गए, जिसमे से अकेले भाजपा को 94 फीसदी पॉलिटिकल बॉन्ड मिला है। यानि मार्च 2018 से अक्टूबर 2022 तक भाजपा को कुल 174 करोड़ रुपए के इलेक्टोरल बॉन्ड में से 163 करोड़ रुपए हासिल हुए हैं। कांग्रेस इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर है, उसे कुल 10.5 करोड़ रुपए का इलेक्टोरल बॉन्ड मिला है। वहीं आम आदमी पार्टी को सिर्फ 32 लाख रुपए का इलेक्टोरल बॉन्ड मिला है। अन्य पार्टियों की बात करें तो उन्हें 20 रुपए मिले हैं।

1519 लोगों ने भाजपा को चंदा दिया
कुल 1571 लोगों ने राजनीतिक दलों को चंदा दिया है, जिसमे से सर्वाधिक 1519 लोगों ने भाजपा को चंदा दिया है। यानि अकेले भाजपा को 65 फीसदी लोगों ने चंदा दिया है। यह सभी चंदा इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए दिया गया है, जिसे 2017-18 के बाद खरीदा गया है। आरटीआई के जरिए एडीआर ने जो जानकारी मांगी थी, वह स्टेट बैंक ऑफ गांधीनगर की शाखा ने दिया है। बैंक ने अपने जवाब में कहा कुल 595 बॉन्ड जिसकी कुल कीमत 343 करोड़ रुपए है, उसे खरीदा गया है। सबसे अधिक इलेक्टोरल बॉन्ड 137 लोगों ने खरीदा जिसकी कुल कीमत 87.5 करोड़ रुपए थे, जिसे अप्रैल 2019 में खरीदा गया।

कुल 4014.58 करोड़ का चंदा
अधिकतर लोगों ने एक करोड़ रुपए का राजनीतिक चंदा इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए दिया है। इसके बाद सर्वाधिक इलेक्टोरल बॉन्ड 10 लाख रुपए का बिका। रिपोर्ट के अनुसार राजनीतिक दलों को पिछले पांच साल में कुल कॉर्पोरेट डोनेशन 4014.58 करोड़ रुपए का प्राप्त हुआ। जिसमे से 174 करोड़ यानि तकरीबन 4 फीसदी चंदा गुजरात में मिला। 74.3 करोड़ रुपए प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट के जरिए आए। गुजरात की 6 कंपनियों ने इस ट्रस्ट जरिए चंदा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications