करोड़ों के हीरे की लूट का मास्टरमाइंड गुजरात में हत्थे चढ़ा, कई जिलों की पुलिस ने उसके 9 लुटेरे पकड़े
Gujarat diamond robbery news
Gujarat diamond robbery: गुजरात में करोड़ों के हीरे की लूट को अंजाम देने वाले पकड़ लिए गए हैं। लूट की वारदात को अहमदाबाद ग्रामीण इलाके में गुंदी गांव के पास हाईवे पर अमरेली से सूरत जाने वाली रामदेव ट्रेवल्स लग्जरी बस में अंजाम दिया गया था। लुटेरों द्वारा आंगड़िया पेढ़ी के कर्मचारी से करोड़ों रुपए के हीरे और नकदी लूट लिए थे। इससे इलाके में कोहराम मच गया।

गुजरात में हीरों की लूट, धरा मास्टरमाइंड
लूट के गुनहगारों को पकड़ने के लिए कई जिलों की पुलिस ने तलाशी शुरू की। पता चला कि बस के अंदर सवार आंगड़िया पेढ़ी के कर्मचारी से हीरे और नकद सहित दो करोड़ रुपए से अधिक की लूट करने के मामले में हिरेन धीरू अकोलिया नाम का शख्स मास्टरमाइंड है। वह सूरत में रहता था। उसी ने लूट को अंजाम देने के लिए 11 लुटेरों को अमरेली भेजा था। वे लुटेरे कार में अहमदाबाद ग्रामीण से हाईवे पर गुंदी गांव के पास सुनसान रास्ते के बीच खड़े हो गए। फिर जब अमरेली से सूरत आने वाली रामदेव ट्रेवल्स की बस आई तो वे हथियार लेकर उसमें चढ़ गए। उसके बाद लुटेरों ने आंगड़िया पेढ़ी के कर्मचारी से करोड़ों रुपए के हीरे और नकदी लूट लिए।

अलग-अलग जगहों से दबोचा 9 आरोपियों को
अहमदाबाद ग्रामीण और आणंद की पुलिस ने लूटकांड के 9 आरोपियों को अलग-अलग जगहों से दबोचा। जिनसे पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि हीरों की लूट का मुख्य सूत्रधार सूरत में रहता है। इसके बाद उसको पकड़ने के लिए अहमदाबाद ग्रामीण के एसपी और सूरत शहर पुलिस आयुक्त से संपर्क किया गया। सूरत शहर पीसीबी, अहमदाबाद ग्रामीण एलसीबी और आणंद एलसीबी ने जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया। अलग-अलग टीम बनाकर मास्टरमाइंड को काबू करने की रणनीति बनाई गई। अंत में मास्टरमाइंड हिरेन धीरू अकोलिया को कापोद्रा रचना सर्किल के पास से धर लिया गया।

हीरे और नकद सहित 2 करोड़ से अधिक की लूट
पुलिस टीमों ने हीरों की लूट के मास्टरमाइंड की तस्वीर जारी की है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि, 40 लाख का कर्ज होने पर ट्रेवल्स के पूर्व कर्मी ने लूट को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि, उसके गुर्गों ने वारदात को अहमदाबाद ग्रामीण के हाईवे पर अंजाम दिया, जहां से एक बस के अंदर सवार आंगड़िया पेढ़ी के कर्मचारी से हीरे और नकद सहित दो करोड़ रुपए से अधिक की लूट की गई।












Click it and Unblock the Notifications