Gujarat: तापी के व्यारा में ढहा पुल, 15 गांवों का कनेक्शन टूटा, अभी बाकी था लोकार्पण
Gujarat: तापी जिले स्थित व्यारा तहसील के मायपुर और देगामा गांव को जोड़ने वाला पुल अचानक ही ढह गया। पुल का निर्माण 2021 में 2 करोड़ की लागत से शुरू हुआ था।
Gujarat Bridge Collapsed: गुजरात राज्य के तापी जिले में स्थित व्यारा तहसील के मायपुर और देगामा गांव को जोड़ने वाली सड़क पर मिंधोला नदी पर बना पुल अचानक टूट गया। पुल के टूटने से करीब 15 गांव प्रभावित हुए हैं। गांवों का कनेक्शन भी टूट गया है। कार्यपालक इंजीनियर नीरव राठौड़ ने बताया कि पुल के निर्माण का कार्य 2021 में शुरू हुआ था, जिसकी लागत 2 करोड़ रुपए है। एक्सपर्ट द्वारा जांच कराकर पुल के टूटने का कारण पता लगाया जाएगा।
खास बात यह है कि पुल का अभी लोकार्पण भी नहीं हुआ था। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर पुल के निर्माण में घटिया क्वालिटी का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। वहीं, मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, इस हादसे ने गुजरात में पिछले साल अक्टूबर महीने में हुए मोरबी ब्रिज हादसे की याद दिला दी। गनीमत रही कि व्यारा तहसील में ढहे पुल में कोई भी हताहत नहीं हुआ।

दो करोड़ की लागत से बना, दो मिनट में ढहा
मिंधोला नदी पर पुल बनने में करीब दो करोड़ की लागत आई। लेकिन, देखते ही देखते पुल ढह गया। दो मिनट में सारा खेल खत्म हो गया। अगर पुल पर कोई सफर कर रहा होता तो उसका बच पाना नामुमकिन था। तस्वीरों में साफ नजर आ रहा है कि किस तरह पुल के दोनों हिस्से नदी में चले गए। ऐसा लगता है कि पुल का पिलर ही नदी में डूब गया हो और उसका सपोर्ट ले रहा पुल भी ढह गया।












Click it and Unblock the Notifications