आणंद में मचा कोहराम: 3 मंजिला बिल्डिंग में हुए धमाके, पटाखों से लगी भयानक आग, गूंजा पूरा शहर
आणंद। गुजरात में आणंद शहर के रेडक्रॉस ब्लड बैंक के सामने एक तीन मंजला इमारत में धमाके पर धमाके हुए। यह इमारत पटाखों का गोदाम थी, जिसमें अज्ञात कारणों से आग लगी। बारूद होने की वजह से आग इतनी भयानक लगी कि बिल्डिंग पूरी धधक गई। आग के गोले और रसायनिक धुआं के गुबार काफी दूर तक फैला। इन धमाकों की आवाज से पूरा शहर गूंज उठा। बिल्डिंग के आस-पास के इलाके में भग-दड़ मच गई। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर वहां से भागे।

पता चलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस का दस्ता घटनास्थल की ओर दौड़ा। फिर भयानक आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गईं। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने और टीमें बुलाने के लिए नडियाद और वडोदरा की फायर ब्रिगेड को मेजर कॉल किया। जिसके बाद नडियाद और वडोदरा से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आईं। लगभग 4 घंटे की मशक्कत के बाद हालत नियंत्रण में आए। फायर ब्रिगेडकर्मियों ने बताया कि, मौके पर पटाखों के धमाके हो रहे थे और जहरीला धुआं वहां फैल चुका था। ऐसे में मुश्किल से आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, इस घटना में किसी तरह की जन-हानि की सूचना नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में तीन मंजिला बिल्डिंग के सामने खड़ी बाइक और कार पूरी तरह से जल गईं। यहां भड़के पटाखों की आवाज शहरभर में सुनी जा सकती थी। इस घटना में एक फायर ब्रिगेड कर्मी भी घायल हो गया। वहीं, धमाकों के चलते चारों तरफ भगदड़ मच गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर प्रांत अधिकारी जेसी दलाल और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अपने दस्ते समेत चले आए। जब आग पर काबू पा लिया गया तो वहां काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने कहा कि, आग लगने की वजह का ठोस कारण नहीं पता चला है। हालांकि, यह पता चला है कि उक्त गोदाम में क्षमता से अधिक पटाखे रखे गए थे। इसीलिए आग इतनी भयानक लगी कि पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग का धुआं एक छात्रावास में भी घुस गया।वहां रहने वाले विद्यार्थियों को तत्काल वहां से भगाया गया।












Click it and Unblock the Notifications